45 साल का उम्र का फासला, फिर भी प्यार परवान चढ़ा; 75 साल के बुजुर्ग से 30 वर्षीय ब्लॉगर ने की सगाई

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक अनोखी प्रेम कहानी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां 75 वर्षीय रामसुगर और 30 वर्षीय इंस्टाग्राम ब्लॉगर रानी राजपूत ने सगाई कर ली है। दोनों के बीच उम्र का अंतर करीब 45 साल है। सगाई का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।

रामसुगर सहार ब्लॉक के अरियारी गांव के रहने वाले हैं, जबकि रानी राजपूत औरैया की चर्चित सोशल मीडिया ब्लॉगर हैं। बताया जा रहा है कि दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंधने की तैयारी कर रहे हैं।

वीडियो शूटिंग के दौरान बढ़ीं मुलाकातें

रामसुगर के मुताबिक, रानी राजपूत का पिछले करीब दो वर्षों से उनके घर आना-जाना था। उनकी बेटी राधा भी यूट्यूबर हैं और रानी अक्सर उनके घर वीडियो शूट करने आती थीं। इसी दौरान रानी और रामसुगर की मुलाकातें बढ़ीं और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं।

रामसुगर की पत्नी का करीब सात साल पहले निधन हो गया था। इसके बाद अब उन्होंने रानी राजपूत के साथ जीवन बिताने का फैसला किया है।

ब्यूटी पार्लर में हुई सगाई

रामसुगर की बेटी राधा के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले औरैया के एक ब्यूटी पार्लर में रामसुगर और रानी राजपूत की सगाई हुई थी। इस कार्यक्रम का वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया गया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं शुरू हो गईं। उम्र में बड़े अंतर के बावजूद दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया है।

जल्द शादी के बंधन में बंध सकते हैं दोनों

परिजनों के अनुसार, सगाई के बाद अब शादी की तैयारियां की जा रही हैं। दोनों जल्द ही रीति-रिवाजों और परंपराओं के अनुसार विवाह कर सकते हैं।

फिलहाल, रामसुगर और रानी राजपूत की प्रेम कहानी सोशल मीडिया और स्थानीय क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। दोनों की सगाई ने एक बार फिर उम्र और रिश्तों को लेकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया है।

Related Articles

Back to top button