2027 में फिर बनेगी भाजपा की सरकार, सीएम योगी बोले- सिर्फ हैट्रिक नहीं, प्रचंड बहुमत से बनेगा रिकॉर्ड

उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा केवल हैट्रिक ही नहीं लगाएगी, बल्कि प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाकर नया रिकॉर्ड भी कायम करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और डबल इंजन सरकार के कामकाज के आधार पर पार्टी जनता के बीच जाएगी।
एक निजी चैनल के ‘राइजिंग भारत समिट’ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। पार्टी उत्तर प्रदेश में तीसरी बार पूर्ण बहुमत और प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने में सफल होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की नई पहचान और विकास कार्यों पर गर्व करने वाली जनता भाजपा को एक बार फिर मौका देगी।
मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि वह उत्तर प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने लगातार पांच वर्ष तक सरकार चलाने के बाद दोबारा चुनाव जीता और फिर पांच साल तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले भी कई रिकॉर्ड बना चुकी है और 2027 में भी नया रिकॉर्ड बनाएगी।
सपा-कांग्रेस पर परिवारवाद और जातिवाद को लेकर निशाना
मुख्यमंत्री योगी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि परिवारवाद, जातिवाद और विभाजनकारी राजनीति ने उत्तर प्रदेश को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी। कर्फ्यू, दंगे, लूट और रंगदारी जैसी घटनाएं आम थीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा अपने सहयोगी दलों के साथ चुनाव में इन मुद्दों को जनता के बीच रखेगी। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान अपराधियों का राजनीतिकरण हुआ और राजनीति में अपराधीकरण बढ़ा। थानों, तहसीलों और जिलों में गुंडों का प्रभाव था। भर्ती आयोगों में भी मनमानी की गई और अपात्र लोगों को महत्वपूर्ण पदों पर बैठाकर भर्तियों में गड़बड़ी की गई।
योगी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में ऐसे अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र दिए गए, जिन्होंने संबंधित परीक्षाएं तक नहीं दी थीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने का काम किया है।
महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का दिया उदाहरण
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था में आए बदलाव का जिक्र करते हुए लखनऊ स्थित एचसीएल टेक के कैंपस का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में इस कैंपस में करीब 100 लोग काम करते थे, जबकि अब यहां उत्तर प्रदेश के लगभग 18 हजार युवा कार्यरत हैं।
उन्होंने बताया कि यहां काम करने वाली युवतियां बाराबंकी, सीतापुर, उन्नाव, रायबरेली और लखनऊ के अलग-अलग क्षेत्रों से आती हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, उन्होंने युवतियों से पूछा कि क्या वे नाइट शिफ्ट में काम करती हैं और देर रात घर लौटते समय उन्हें डर नहीं लगता?
योगी ने बताया कि युवतियों ने जवाब दिया कि वे रात दो बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद बाइक से अपने घर चली जाती हैं और उन्हें किसी तरह का भय नहीं है। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश में कानून-व्यवस्था में आए बदलाव और महिलाओं की सुरक्षा का उदाहरण बताया।
निवेश और रोजगार को लेकर गिनाईं उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षित माहौल बनने से निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने बताया कि एचसीएल और फॉक्सकॉन के सहयोग से उत्तर प्रदेश में पहली सेमीकंडक्टर यूनिट स्थापित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
उन्होंने पिछली समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय इन्वेस्टर्स समिट आयोजित की गई थी, लेकिन निवेशक लखनऊ आने के लिए तैयार नहीं थे। उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए।
योगी ने कहा कि आज प्रदेश में निवेश के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने ही प्रदेश में रोजगार मिले और उद्योगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाए।
अपराधियों और दंगाइयों के खिलाफ कार्रवाई का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में दंगाइयों और अपराधियों को संरक्षण मिलता था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार में किसी को भी सड़क पर व्यापारिक प्रतिष्ठानों में आग लगाने या महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने की छूट नहीं है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान में बदलाव आया है। सरकार कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता दे रही है और अपराध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भरोसा जताया कि भाजपा सरकार के विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और निवेश के आधार पर पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाएगी और लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।





