10 हजार पुलिस भर्ती प्रक्रिया तेज, अलवर में कालीबाई बटालियन के लिए मेडिकल पूरा

कालीबाई बटालियन योजना के तहत प्रदेशभर में चल रही 10 हजार कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया में अब तेजी आ गई है। चयनित अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण शुरू हो चुका है। इसी क्रम में गुरुवार को अलवर में 47 अभ्यर्थियों का मेडिकल जिला अस्पताल में कराया गया। मेडिकल के बाद पुलिस वेरिफिकेशन किया जाएगा और फिर चयनित अभ्यर्थियों को जल्द जॉइनिंग दी जाएगी।

47 अभ्यर्थियों का हुआ मेडिकल

कालीबाई बटालियन की ओर से रुचिका राठौर ने बताया कि 12 से 14 दिसंबर के बीच हुई शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) में सफल रहे 180 कांस्टेबलों में से पहले चरण में 47 अभ्यर्थियों का मेडिकल कराया गया। इस दौरान 30 महिला और 17 पुरुष कांस्टेबल पद के अभ्यर्थी शामिल रहे।

अधिकारियों की निगरानी में प्रक्रिया

मेडिकल प्रक्रिया राजकुमार राजोरा और सब-इंस्पेक्टर रुचिका राठौर के निर्देशन में संपन्न हुई। अधिकारियों ने बताया कि अभ्यर्थियों ने जिस जिले का चयन किया है, उसी जिले में उनका मेडिकल और आगे की भर्ती प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

चरणबद्ध तरीके से होगा मेडिकल

कालीबाई बटालियन के तहत अलवर, भरतपुर और तिजारा क्षेत्र से कुल 180 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं, जिनमें से 13 अनुपस्थित रहे। शेष अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण चरणबद्ध तरीके से कराया जाएगा। मेडिकल और पुलिस सत्यापन पूरा होने के बाद नियुक्ति संबंधी आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस प्रक्रिया के पूरा होते ही कालीबाई बटालियन में चयनित कांस्टेबलों को जल्द नौकरी मिलने की उम्मीद है, जिससे अभ्यर्थियों में उत्साह देखने को मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button