उत्तराखंड विधानसभा सत्र: दो दिन की कार्यवाही में उठेंगे जनहित के मुद्दे, विधायकों ने भेजे 426 सवाल

उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में 27 और 28 अक्टूबर को विधानसभा सत्र आयोजित किया जाएगा। सत्र को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए विधानसभा सचिवालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अब तक पक्ष और विपक्ष के 31 विधायकों की ओर से कुल 426 प्रश्न प्राप्त हो चुके हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने बुधवार को देहरादून स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में सत्र की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 27 अक्टूबर को सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होगी। विधानसभा सचिवालय सत्र के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहा है, ताकि कार्यवाही बेहतर ढंग से संचालित हो सके।

विधायकों को स्थानीय मुद्दे उठाने का मिलेगा मौका

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि सचिवालय को अब तक 31 विधायकों से 426 प्रश्न मिले हैं। सत्र के दौरान विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय मुद्दे उठाने का अवसर देने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, सरकार से इन मुद्दों पर जवाब दिलाने की भी कोशिश होगी।

दो दिन का होगा विधानसभा सत्र

सत्र की अवधि कम होने के सवाल पर ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि विधानसभा सत्र कितने दिन और कहां आयोजित होगा, यह सरकार तय करती है। इस बार सरकार की ओर से 27 और 28 अक्टूबर को सत्र के लिए समय निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा कि उपलब्ध समय का बेहतर उपयोग करना प्राथमिकता होगी, ताकि पक्ष और विपक्ष के विधायक जनहित से जुड़े मुद्दों को सदन में उठा सकें और उन पर चर्चा हो सके।

29 अक्टूबर को है करवा चौथ

गैरसैंण में विधानसभा सत्र दो दिन आयोजित करने के पीछे निर्धारित कार्यक्रम को भी एक वजह माना जा रहा है। 29 अक्टूबर को करवा चौथ का पर्व है। ऐसे में सरकार ने 27 और 28 अक्टूबर को सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया है। अब विधानसभा सचिवालय का प्रयास है कि सीमित समय में सदन की कार्यवाही व्यवस्थित ढंग से पूरी हो और जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा की जा सके।

Related Articles

Back to top button