वृंदावन में CM योगी: श्री हरिदास प्रेक्षागृह की सौगात, जन्माष्टमी पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने स्वामी हरिदास की स्मृति में बनाए गए श्री हरिदास प्रेक्षागृह का भव्य लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने संतों का सम्मान किया और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी सहभागिता की।
पवन हंस हेलीपैड पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सीधे श्री हरिदास प्रेक्षागृह पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान प्रसाद धानुका विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रगीत से हुई। इसके बाद ब्रज के कलाकारों ने राधा-कृष्ण की लीलाओं का मंचन किया। गुजरात के गरबा और ब्रज के प्रसिद्ध मयूर नृत्य की प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में आकर्षण बढ़ाया।
संतों का सम्मान और बच्चों का अन्नप्राशन
लोकार्पण से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान कृष्ण के स्वरूप में सजे नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन कराया और उन्हें उपहार भेंट किए। इसके बाद उन्होंने ब्रज के प्रमुख संत फूलडोल बिहारी दास महाराज, महंत सुतीक्ष्ण दास, महंत सनतकुमार शरण महाराज, स्वामी रामदेवानंद सरस्वती और संत बलराम दास का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान 321 सपेरा समाज के लाभार्थियों को भवन आवंटन पत्र भी प्रदान किए गए।
ब्रज में विकास कार्यों का जिक्र
पूर्व मंत्री एवं विधायक श्रीकांत शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए ब्रज क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले ब्रज की स्थिति जर्जर थी, लेकिन केंद्र में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में क्षेत्र का कायाकल्प हुआ है।
उन्होंने बताया कि मथुरा के यमुना में गिरने वाले 36 नालों में से 32 को बंद किया जा चुका है, जबकि बाकी चार नालों को भी अक्टूबर तक बंद करने का लक्ष्य है। इसके अलावा सूरदास ब्रजभाषा अकादमी की स्थापना और ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग पर पड़ाव स्थलों के निर्माण का कार्य भी जारी है।
विश्वभर के कलाकारों को मिलेगा मंच
सांसद हेमा मालिनी ने ‘राधे-राधे’ के संबोधन के साथ श्री हरिदास प्रेक्षागृह को ब्रज की कला, संगीत, नृत्य और साहित्य का जीवंत प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि प्रेक्षागृह स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को बड़ा मंच उपलब्ध कराएगा। आने वाले समय में देश-दुनिया के कलाकार यहां अपनी प्रस्तुतियां दे सकेंगे।
उन्होंने कहा कि यह केंद्र ब्रज की महान परंपरा और भाषा को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
1,051 करोड़ की 229 परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में 1,051 करोड़ रुपये की लागत वाली 229 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास समारोह को भी संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर ब्रज की धरती पर विकास परियोजनाओं के साथ लोक परंपरा और लोक कला से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने ब्रज की पावन धरा से प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई दी।
उन्होंने कहा कि स्वामी हरिदास जी ने ब्रज की भक्ति को अपनी साधना का केंद्र बनाया और उनकी स्मृति में प्रेक्षागृह का लोकार्पण संतों तथा श्रीकृष्ण-राधारानी के अनुयायियों की उपस्थिति में होना गौरव की बात है।
सनातन और ब्रज की विरासत का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी राष्ट्र की महानता उसकी स्मृति, संस्कृति और अपनी जड़ों से जुड़ाव में होती है। उन्होंने कहा कि जिस समाज को अपनी विरासत का बोध होता है, वह दुनिया से सीखने के साथ दुनिया को भी बहुत कुछ सिखाता है।
उन्होंने मथुरा को सनातन की निरंतरता और संघर्ष की परंपरा का उदाहरण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि के इतिहास में कई आक्रमण हुए, मंदिरों को नुकसान पहुंचाया गया, लेकिन श्रीकृष्ण और राधारानी की स्मृति तथा ब्रज की धार्मिक परंपराएं समाप्त नहीं हुईं। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी, बरसाना की होली और गोवर्धन की परिक्रमा जैसी परंपराएं आज भी जारी हैं और यही ब्रज की शक्ति है।





