राष्ट्रपति भवन से मेट्रो स्टेशन तक मुफ्त बस सेवा शुरू, कर्मचारियों और दिव्यांगजनों को होगा फायदा

राष्ट्रपति भवन के कर्मचारियों और निवासियों की सुविधा के लिए ‘राही’ नाम से मुफ्त इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की गई है। यह सेवा राष्ट्रपति भवन को निकटतम सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन से जोड़ती है। बस में सफर के लिए यात्रियों से कोई किराया नहीं लिया जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रपति भवन एस्टेट में रहने वाले लोगों और कर्मचारियों की रोजमर्रा की आवाजाही को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है। खासतौर पर महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बस सेवा को तैयार किया गया है।

महिला चालक और कंडक्टर संभालेंगी संचालन

‘राही’ इलेक्ट्रिक बस सेवा का संचालन महिला ड्राइवरों और कंडक्टरों द्वारा किया जा रहा है। इससे यात्रा के दौरान महिलाओं समेत अन्य यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।

व्हीलचेयर के लिए भी सुविधा

बसों को व्हीलचेयर-सुलभ बनाया गया है, जिससे दिव्यांगजनों के लिए मेट्रो स्टेशन तक पहुंचना आसान हो सके। राष्ट्रपति भवन पीएमजी के अधीक्षक सुनीत कुमार ने इस पहल को लोगों की सुविधा और कल्याण से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति भवन एस्टेट में ‘मित्र कैफे’ भी संचालित है, जिसे दिव्यांगजन चलाते हैं। ऐसे में नई बस सेवा से दिव्यांग कर्मचारियों और निवासियों की आवाजाही को भी बेहतर सुविधा मिलेगी।

रोजमर्रा की आवाजाही होगी आसान

मुफ्त ‘राही’ बस सेवा के जरिए राष्ट्रपति भवन एस्टेट से मेट्रो स्टेशन तक आने-जाने में लोगों को सुविधा मिलेगी। इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुलभ बनाना और एस्टेट के कर्मचारियों व निवासियों की दैनिक यात्रा को आसान करना है।

Related Articles

Back to top button