पत्नी ने किया विरोध तो पति ने कर दी हत्या, बोला- आवेश में आकर उठाया खौफनाक कदम

देहरादून में घरेलू विवाद के बाद पत्नी की हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। डालनवाला थाना क्षेत्र के मोहिनी रोड में रहने वाले एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी खुद पुलिस चौकी पहुंचा और पत्नी की हत्या करने की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रामजी पाल मूल रूप से अयोध्या का रहने वाला है और अपने परिवार व बच्चों के साथ मोहिनी रोड स्थित एक मकान के सर्वेंट क्वार्टर में रहता था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कई दिनों से काम पर नहीं जा रहा था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच दो-तीन दिनों से विवाद चल रहा था।
बुधवार सुबह आरोपी बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौटा। इसी दौरान पत्नी सोनू पाल से उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रामजी पाल गुस्से में आ गया और पास में रखे धारदार पाठल से पत्नी पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल हथियार को झाड़ियों में फेंक दिया। इसके बाद वह सीधे आराघर पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। आरोपी की बात सुनकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।
पुलिस टीम आरोपी को लेकर मोहिनी रोड स्थित उसके घर पहुंची। जब कमरे का ताला खोला गया तो अंदर महिला का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करने की बात कही। उसने बताया कि पत्नी के साथ लड़ाई-झगड़ा हो रहा था और वह आवेश में आ गया। इसके बाद उसने पास में रखे धारदार हथियार से पत्नी पर हमला कर दिया। घटना की जानकारी देते समय आरोपी पुलिस के सामने फूट-फूटकर रोने लगा। बाद में उसने पुलिस को हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार के बारे में भी जानकारी दी।
इस हत्याकांड के बाद पुलिस सत्यापन व्यवस्था और मकान मालिक की जिम्मेदारी पर भी सवाल उठे हैं। बताया जा रहा है कि जिस सर्वेंट क्वार्टर में यह परिवार रह रहा था, उसका पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था। पुलिस अब इस मामले में मकान मालिक की भूमिका और कथित लापरवाही की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस हत्या के पीछे के सभी कारणों की पड़ताल कर रही है।





