ग्रैप-3 हटाने के बाद दिल्ली की हवा बिगड़ी, कई इलाकों में AQI 300 के पार; सबसे खराब स्थिति यहां

दिल्ली में ग्रैप-3 की पाबंदियां हटने के बाद राजधानी की हवा फिर बिगड़ने लगी है। शुक्रवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 270 दर्ज किया गया, जबकि शहर के 15 निगरानी केंद्रों पर एक्यूआई 300 के पार पहुंच गया। सिरीफोर्ट में सबसे अधिक 354 एक्यूआई दर्ज किया गया, जहां हवा बहुत खराब श्रेणी में रही।
इससे पहले 17 नवंबर को दिल्ली का औसत एक्यूआई घटकर 204 पहुंच गया था। वायु गुणवत्ता में सुधार को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने ग्रैप-3 की पाबंदियां हटाने का फैसला लिया था। हालांकि, इसके बाद प्रदूषण का स्तर फिर बढ़ने लगा।
15 निगरानी केंद्रों पर AQI 300 के पार
सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, सिरीफोर्ट में सबसे अधिक 354 एक्यूआई दर्ज किया गया। इसके अलावा पूसा (आईआईटीएम) में 348, चांदनी चौक में 336, डीटीयू में 332 और बुराड़ी क्रॉसिंग में 331 एक्यूआई रहा।
आईटीओ में 331, नॉर्थ कैंपस में 327, सीआरआरआई मथुरा रोड में 323, एनएसयूटी जाफरपुर में 319, पंजाबी बाग में 317, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 315 और टॉकीटोरा गार्डन में 312 एक्यूआई दर्ज किया गया।
इसके अलावा आया नगर में 310, शादिपुर में 303 और आईआईटी दिल्ली में 302 एक्यूआई रहा। इन सभी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई।
आनंद विहार समेत कई इलाकों में भी प्रदूषण
राजधानी के अन्य निगरानी केंद्रों पर भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक रहा। आनंद विहार में 288, वजीरपुर में 290, नरेला में 290, नांगलोई में 289, मुंडका में 288 और नेहरू नगर में 281 एक्यूआई दर्ज किया गया।
हालांकि, लोदी रोड में सबसे कम 160 और आईएमडी लोदी रोड में 166 एक्यूआई रहा। इन दोनों केंद्रों पर हवा मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई। अधिकतर निगरानी केंद्रों पर पीएम 2.5 प्रमुख प्रदूषक रहा।
सड़कों की सफाई और निर्माण स्थलों पर सख्ती के निर्देश
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति के एकीकृत कमांड और नियंत्रण केंद्र में प्रदूषण नियंत्रण उपायों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने नगर निगम और लोक निर्माण विभाग को सड़कों, फुटपाथों और सड़क के बीच बने हिस्सों की मशीनों से सफाई, पानी का छिड़काव और धुलाई तेज करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने निर्माण और तोड़फोड़ स्थलों पर जांच बढ़ाने के साथ हरी जाली, बैरिकेड और हवा रोकने वाले पर्दे लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि धूल रोकने के उपाय केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहने चाहिए और इनका प्रभावी तरीके से पालन कराया जाए।
दिल्ली के निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण की स्थिति
– कुल निगरानी केंद्र: 59
– पर्याप्त आंकड़े उपलब्ध: 57 केंद्र
– बहुत खराब श्रेणी (AQI 301-400): 15 केंद्र
– खराब श्रेणी (AQI 201-300): 38 केंद्र
– मध्यम श्रेणी (AQI 101-200): 4 केंद्र
– सबसे अधिक AQI: सिरीफोर्ट, 354
– सबसे कम AQI: लोदी रोड, 160
– प्रमुख प्रदूषक: अधिकांश केंद्रों पर पीएम 2.5





