चलती बस में नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, 47 KM दूर ले जाकर वारदात; दो आरोपी पकड़े गए

दिल्ली-एनसीआर में महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। ग्रेटर नोएडा से दिल्ली के कश्मीरी गेट जा रही स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने बस के चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला कश्मीरी गेट थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, घटना 4 अगस्त 2026 की है। वारदात में इस्तेमाल की गई स्लीपर बस को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पीड़िता मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं कक्षा की छात्रा है। वह 3 अगस्त को घर से बिना बताए निकली थी। बताया गया है कि वह मां की डांट से नाराज थी और नोएडा सेक्टर-63 में रहने वाले अपने चचेरे भाई के घर जाने के लिए निकली थी।
इसी दौरान वह ग्रेटर नोएडा से दिल्ली जाने वाली स्लीपर बस में सवार हुई। आरोप है कि बस के चालक और कंडक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बताया जा रहा है कि बस करीब 47 किलोमीटर तक चलती रही।
मामले की जानकारी मिलने के बाद कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बस को भी अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
निर्भया कांड की याद हुई ताजा
चलती बस में नाबालिग के साथ हुई इस कथित वारदात ने 2012 के निर्भया कांड की याद ताजा कर दी है। 16 दिसंबर 2012 को दिल्ली में चलती बस में 23 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ था। इस घटना के बाद देशभर में महिला सुरक्षा को लेकर बड़ा आंदोलन हुआ था।





