कोर्ट में नौकरी पाने का मौका: लुधियाना जिला न्यायालय में लिफ्ट ऑपरेटर भर्ती, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया

जिला एवं सत्र न्यायाधीश कार्यालय, लुधियाना ने लिफ्ट ऑपरेटर के छह पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इन पदों पर नियुक्ति संविदा के आधार पर की जाएगी। 10वीं और आईटीआई पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 12 अक्तूबर 2026 है।
छह पदों पर होगी भर्ती
भर्ती के तहत कुल छह पद भरे जाएंगे। इनमें ईएसएम महिला, बीसी महिला, एससी, पीडब्ल्यूबीडी (कम दृष्टि), सामान्य ईडब्ल्यूएस महिला और सामान्य महिला के एक-एक पद शामिल हैं। पदों की संख्या अस्थायी है और प्रशासनिक जरूरत के अनुसार इसमें बदलाव किया जा सकता है।
शैक्षणिक योग्यता
उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से मैट्रिक यानी 10वीं पास होना जरूरी है। मैट्रिक में पंजाबी विषय पढ़ा और पास किया होना चाहिए। इसके साथ ही किसी सरकारी संस्थान से मैकेनिकल या इलेक्ट्रिकल ट्रेड में आईटीआई प्रमाणपत्र या इसके समकक्ष योग्यता अनिवार्य है।
आयु सीमा
आवेदन करने वाले उम्मीदवार की आयु 1 जनवरी 2026 को 18 से 37 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना इसी तारीख के आधार पर की जाएगी।
इंटरव्यू से होगा चयन
लिफ्ट ऑपरेटर पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। उम्मीदवारों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना होगा और उसमें सभी जानकारी स्पष्ट रूप से बड़े अक्षरों में भरनी होगी। आवेदन के साथ हस्ताक्षरित फॉर्म और आवश्यक दस्तावेज भेजने होंगे।
इंटरव्यू 16 अक्तूबर 2026 को सुबह 10 बजे न्यायिक न्यायालय परिसर, लुधियाना में होने की संभावना है।
12 अक्तूबर तक पहुंचाना होगा आवेदन
उम्मीदवारों का आवेदन निर्धारित पते पर 12 अक्तूबर 2026 शाम 5 बजे तक पहुंच जाना चाहिए। लिफाफे पर “APPLICATION FOR THE POST OF LIFT OPERATOR ON CONTRACT BASIS-2026” लिखना जरूरी है।
अधूरा या गलत जानकारी वाला आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्धारित तारीख के बाद पहुंचने वाले आवेदनों पर भी विचार नहीं किया जाएगा।
इंटरव्यू में ये दस्तावेज जरूरी
इंटरव्यू के दिन उम्मीदवार को फोटो पहचान पत्र के साथ सभी मूल प्रमाणपत्र और मार्कशीट लेकर पहुंचना होगा। आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर उम्मीदवार को इंटरव्यू में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इंटरव्यू में शामिल होने के लिए किसी तरह का टीए/डीए भी नहीं दिया जाएगा।
नोट: आवेदन करने से पहले उम्मीदवार भर्ती की आधिकारिक अधिसूचना में पद, आरक्षण, दस्तावेज और आवेदन पते से जुड़ी सभी शर्तें जरूर जांच लें।





