सांसद एसपी सिंह का भाजपा पर हमला: कांवड़ यात्रा को लेकर बोले- भांग खाकर उपद्रव करने वाले धर्म का नाम लेते हैं

उन्नाव के रूझिहई स्थित रामनाथ इंटर कॉलेज में समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती पर आयोजित पीडीए स्वाभिमान सम्मेलन में प्रतापगढ़ के सांसद एसपी सिंह पटेल ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर ढोंग करती है। धर्म को राजनीति और दिखावे का माध्यम बनाया जा रहा है, जबकि किसान, युवा, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर बात नहीं की जाती।
कांवड़ यात्रा को लेकर भी दिया बयान
सांसद एसपी सिंह पटेल ने कहा कि भाजपा धर्म की बात करती है, लेकिन कांवड़ यात्रा के दौरान कुछ लोग शराब, गांजा और भांग का सेवन कर उपद्रव करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग दुकानों में लूटपाट करते हैं और स्कूली बच्चों की वैन व पुलिस पर भी हमले करते हैं।
उन्होंने कहा कि पूजा-पाठ घरों और आसपास के मंदिरों में किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, यात्राओं के जरिए धर्म के नाम पर दिखावा किया जाता है। उन्होंने भाजपा पर धार्मिक आयोजनों को लेकर जनता की भावनाओं से खिलवाड़ करने का भी आरोप लगाया।
किसान, युवा और महंगाई के मुद्दों पर भाजपा को घेरा
एसपी सिंह पटेल ने आरोप लगाया कि भाजपा धार्मिक मुद्दों पर बात करती है, लेकिन किसान, युवा, बेरोजगारी और महंगाई जैसे विषयों को नजरअंदाज करती है। उन्होंने कहा कि मौतों और घटनाओं को भी राजनीतिक आयोजन का रूप देकर जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया जाता है।
उन्होंने भाजपा की योजनाओं पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार की योजनाएं अडानी और अंबानी जैसे उद्योगपतियों के हितों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं।
सांसद श्रावस्ती और पूर्व एमएलसी ने भी साधा निशाना
सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे श्रावस्ती के सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने सरकार और चुनाव आयोग पर मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोगों के वोट काटे जा रहे हैं और डबल इंजन की सरकार बेरोजगारों, किसानों व युवाओं का शोषण करने के साथ लोगों को डराने का काम कर रही है।
पूर्व एमएलसी और सपा प्रवक्ता सुनील साजन ने कहा कि आजकल कथाओं का दौर चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके लोग धार्मिक कथाओं के बजाय अपनी कथाएं कराते हैं। सुनील साजन ने कहा कि भाजपा के लिए धर्म एक धंधा बन गया है।





