रुपये, इलाज और पढ़ाई का प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने का आरोप, अमेठी में 10 गिरफ्तार; फंडिंग की जांच शुरू

अमेठी के कमरौली क्षेत्र के सिंदुरवा गांव में प्रार्थना सभा की आड़ में कथित धर्मांतरण कराने के मामले में पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी छह राज्यों में सक्रिय थे और रुपये, मेडिकल सहायता व पढ़ाई संबंधी सुविधाओं का प्रलोभन देकर लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करते थे। मामले में करीब 240 लोगों के धर्म परिवर्तन कराने का दावा किया गया है। पुलिस को 12 बैंक खाते भी मिले हैं, जिनकी जांच शुरू कर दी गई है।
प्रार्थना सभा की शिकायत पर पहुंची पुलिस, 10 आरोपी गिरफ्तार
एसपी सरवणन टी. ने सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 22 नवंबर को कमरौली पुलिस को सिंदुरवा रोड स्थित एक मकान में प्रार्थना सभा के जरिए कथित धर्मांतरण कराने की शिकायत मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां आठ बाहरी और दो स्थानीय लोग मौजूद थे। करीब 20 से 25 लोगों को प्रवचन दिया जा रहा था।
पुलिस ने मौके की वीडियोग्राफी कराई। तलाशी के दौरान बाइबिल समेत अन्य धार्मिक पुस्तकें और सामग्री बरामद हुई। कोठी पालपुर स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर के पुजारी अश्विनी पांडेय की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले में पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
रुपये, इलाज और पढ़ाई की सुविधाओं का देते थे भरोसा
एसपी के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार करते थे। पुलिस का आरोप है कि रिवाइवल चर्च के माध्यम से रुपये, मेडिकल सहायता और पढ़ाई संबंधी सुविधाएं दिलाने का भरोसा देकर लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जाता था।
आरोपी पहले राजकुमार उर्फ जुवेल के माध्यम से कुछ लोगों से संपर्क कर चुके थे। पुलिस का दावा है कि नेटवर्क में शामिल लोग अनुसूचित जाति बाहुल्य गांवों को चिह्नित करते थे और वहां जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच बनाते थे। महिलाओं को प्रवचन में शामिल करने के साथ शादी और इलाज में मदद देने का भरोसा भी दिया जाता था।
छह राज्यों में सक्रिय होने का पुलिस का दावा
पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब छह साल से इस गतिविधि में शामिल थे। तमिलनाडु, पंजाब के गुरदासपुर और लुधियाना, झारखंड के सरायकेला, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में उनकी गतिविधियों की जानकारी सामने आई है।
पुलिस का दावा है कि अलग-अलग राज्यों में करीब 240 लोगों का धर्म परिवर्तन कराया गया। इनमें अमेठी के 20 से 25 लोग भी शामिल बताए गए हैं। आरोपी प्रचार और प्रवचन के लिए अलग-अलग राज्यों में जाते थे। धर्म परिवर्तन करने वाले कुछ लोगों के माध्यम से दूसरे परिवारों तक पहुंच बनाने का भी आरोप है।
12 बैंक खातों से फंडिंग की जांच
पुलिस को जांच के दौरान मुंबई के एक चर्च ट्रस्ट से आर्थिक मदद मिलने की जानकारी मिली है। एसपी ने बताया कि आरोपियों को नकद राशि के रूप में भी फंडिंग मिलती थी। इस संबंध में जांच के लिए आयकर विभाग को सूचना दी गई है।
पुलिस को 12 बैंक खाते मिले हैं। इन खातों के लेनदेन और फंडिंग के स्रोत की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में श्रीनिवास डेनियल इंजीनियर और उनकी बेटी दिव्या डेनियल फार्मासिस्ट हैं। रॉयल रॉड्रिक्स स्नातक हैं। अन्य आरोपी भी कम से कम स्नातक बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी 20 नवंबर को अमेठी पहुंचे थे। दिसंबर में जमशेदपुर में होने वाले एक कार्यक्रम के लिए पांच सितारा होटल बुक कराने की जानकारी भी जांच में सामने आई है।
ये 10 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने राजकुमार उर्फ जुवेल, श्रीनिवास डेनियल, रॉयल रॉड्रिक्स, महिपाल सिंह उर्फ विलियम, प्रकाश राव, कन्हैया बिंद उर्फ सैमसन, सूर्यकला उर्फ मारथा, दिव्या डेनियल, रीता रॉड्रिक्स और एलविना विलियम्स को गिरफ्तार किया है।
आरोपी अमेठी, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, ओडिशा और आजमगढ़ के रहने वाले बताए गए हैं। सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।





