यूपी: योगी ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर साधा निशाना, कहा- दोनों दल एक-दूसरे को अपमानित कर रहे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पहले दो लड़कों की जोड़ी चुनाव परिणाम आने के बाद विफल होती थी, लेकिन इस बार चुनाव से पहले ही विफल हो चुकी है। उन्होंने दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर चल रही बातचीत और प्रत्याशियों की घोषणा पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ बैठकें हो रही हैं, दूसरी तरफ उम्मीदवार घोषित किए जा रहे हैं। इससे बड़ा अपमान क्या होगा?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को लखनऊ में आयोजित एक निजी न्यूज चैनल के शिखर सम्मेलन में संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की बदली तस्वीर, कानून-व्यवस्था, निवेश, रोजगार, विपक्ष की राजनीति, गठबंधन, आगामी चुनाव और अपनी राजनीतिक विचारधारा से जुड़े सवालों पर जवाब दिए।

सपा-कांग्रेस में शह और मात की राजनीति

सपा-कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गठबंधन के अपने धर्म, नियम, मान्यताएं और शिष्टाचार होते हैं। लेकिन दोनों दलों के बीच जिस तरह की स्थिति दिखाई दे रही है, उससे उनके आपसी तालमेल पर सवाल उठते हैं।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दोनों दलों के बीच एक-दूसरे को शह और मात देने की राजनीति चल रही है। देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल कांग्रेस की ऐसी स्थिति उसकी नकारात्मक सोच का परिणाम है। जनता बार-बार इन दलों को खारिज कर रही है।

एनडीए में किसी तरह का विवाद नहीं

एनडीए में सीटों के बंटवारे और सहयोगी दलों के बीच कथित मतभेदों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि निषाद पार्टी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल एनडीए का हिस्सा हैं और मिलकर चुनाव लड़ेंगे। गठबंधन में किसी तरह का विवाद नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल एनडीए की एकजुटता को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

रामभक्तों से माफी मांगे सपा

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे और समाजवादी पार्टी की सनातन के प्रति बदली राजनीतिक भाषा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दो नावों की सवारी हमेशा खतरनाक होती है। उन्होंने कहा कि अयोध्या जाना अच्छी बात है, लेकिन समाजवादी पार्टी को रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए।

योगी ने कहा कि यदि 90 के दशक में ही सपा को सद्बुद्धि आ गई होती तो रामभक्तों पर गोली चलाने की नौबत नहीं आती। उन्होंने कहा कि माफी मांगने से कोई व्यक्ति छोटा नहीं होता। मुख्यमंत्री ने भाजपा के राजनीतिक आधार को बताते हुए कहा कि पार्टी का वोट बैंक हर वह राष्ट्रवादी नागरिक है, जो संविधान और देश की विरासत में विश्वास करता है।

2017 से पहले बीमारू था यूपी, अब ग्रोथ इंजन

प्रदेश की बदली छवि पर मुख्यमंत्री ने कहा कि एक दशक पहले उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य, गुंडागर्दी, अराजकता और उपद्रव से ग्रसित प्रदेश के रूप में देखा जाता था। उस समय गरीब कल्याण, युवाओं के रोजगार, किसानों के सम्मान और महिलाओं की सुरक्षा के मोर्चे पर गंभीर चुनौतियां थीं। व्यापारी भयभीत थे और निवेशक प्रदेश में आने से कतराते थे।

उन्होंने कहा कि मार्च 2017 में सरकार की जिम्मेदारी मिलने के बाद सबसे पहले कानून-व्यवस्था दुरुस्त करने और व्यवस्था को पटरी पर लाने का काम किया गया। आज प्रदेश में करीब 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने, अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय को लगभग तीन गुना करने तथा बजट को तीन गुना से अधिक बढ़ाने में सफलता मिली है। महिला कार्यबल की भागीदारी भी तीन गुना से अधिक बढ़ी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा है। सात शहरों में मेट्रो संचालित हो रही है और प्रदेश में 17 क्रियाशील एयरपोर्ट हैं, जिनमें पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट शामिल हैं। देश का सबसे बड़ा रेल नेटवर्क, ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का जंक्शन और देश की पहली रैपिड रेल भी यूपी की नई पहचान हैं। वाराणसी में देश की पहली रोपवे सेवा भी जल्द शुरू होने जा रही है।

माफियाराज पर प्रहार से हथियार निर्माण तक पहुंचा यूपी

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों की संकीर्ण सोच के कारण प्रदेश में निवेश का माहौल नहीं बन पाया। उस समय कई क्षेत्रों में अवैध कट्टा और बम बनाने की गतिविधियां चलती थीं, जबकि आज उत्तर प्रदेश में आधुनिक रिवॉल्वर, राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 36 सेक्टोरल पॉलिसीज के माध्यम से निवेशकों को अवसर दिए जा रहे हैं और करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। एमएसएमई सेक्टर को वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) के माध्यम से नई पहचान मिली है। इस क्षेत्र के जरिए करीब सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है।

कानून-व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस

बुलडोजर कार्रवाई और एनकाउंटर को लेकर विपक्ष के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में सफल रही है। कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। महिला सुरक्षा और व्यापारियों के सम्मान को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि गलत निगाह रखने वालों के सामने दो ही रास्ते हैं- जेल या जहन्नुम।

उन्होंने कहा कि कानून का पालन करने वालों का कानून सम्मान करेगा, लेकिन कानून के खिलाफ जाने वालों पर कार्रवाई होगी। कानून-व्यवस्था सुधारना निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है।

युवाओं को 10.50 लाख सरकारी नौकरियों का लक्ष्य

रोजगार और युवाओं को टैबलेट वितरण को चुनावी प्रलोभन बताए जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाएं किसी चुनाव को देखकर शुरू नहीं की गई हैं। वर्ष 2018 से लगातार सरकारी नियुक्तियों की प्रक्रिया चल रही है। अब तक करीब पौने 10 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं और 26 जनवरी 2027 तक यह संख्या साढ़े 10 लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य है।

उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत कोरोना काल में ऑनलाइन शिक्षा की जरूरत को देखते हुए 25 दिसंबर 2021 से टैबलेट वितरण शुरू किया गया था। पहले चरण में करीब 60 लाख युवाओं को डिजिटल डिवाइस दिए गए। अब दूसरे चरण में 25 लाख और युवाओं को टैबलेट देने की योजना है। सरकार युवाओं को एआई, ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और सेमीकंडक्टर जैसे नए क्षेत्रों से जोड़ रही है।

सनातन और भारतीय पहचान पर गर्व

अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और अपनी धार्मिक पहचान को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें सनातन धर्म और हिंदू होने पर गर्व है। किसी की धारणा या सोच के कारण वे अपनी पहचान नहीं बदलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर और विकसित भारत के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश भी आत्मनिर्भर और विकसित बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में एआई सिटी, डेटा सेंटर क्लस्टर, सेमीकंडक्टर यूनिट, ड्रोन टेक्नोलॉजी और रोबोटिक्स के क्षेत्र में काम हो रहा है। डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर भी नई संभावनाएं खोल रहा है। मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे एक अमेरिकी कंपनी करीब 3000 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रही है। उन्होंने कहा कि निवेशक प्रदेश में सुरक्षा, बेहतर नीतियों, लैंड बैंक और मजबूत लॉजिस्टिक नेटवर्क के कारण आ रहे हैं।

पीएम मोदी पार्टी के सर्वमान्य नेता

विधायकों के खिलाफ कथित नाराजगी और टिकट कटने की संभावना पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा में प्रत्याशी चयन की निर्धारित प्रक्रिया है। चुनाव समिति की संस्तुति के बाद संसदीय बोर्ड निर्णय लेता है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में विधायकों ने अपने क्षेत्रों में विकास के लिए व्यापक काम किया है। भाजपा का काम काटने का नहीं, जोड़ने का है।

लखनऊ और दिल्ली के बीच कथित मतभेदों के विपक्षी नैरेटिव पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी के सर्वमान्य नेता, आदर्श और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा के प्रतीक हैं। उनके नेतृत्व में नए भारत का दर्शन पूरी दुनिया कर रही है। मुख्यमंत्री ने स्वयं को पार्टी का सामान्य सिपाही बताते हुए कहा कि वे विचारधारा, मूल्यों और आदर्शों की राजनीति में विश्वास करते हैं।

रैपिड फायर में राहुल गांधी को बताया नाकाम रॉकेट

कार्यक्रम के रैपिड फायर राउंड में मुख्यमंत्री योगी ने कई राजनीतिक और वैचारिक संदेश दिए। भारत को उन्होंने ‘वर्ल्ड स्पिरिचुअल पावर हाउस’, उत्तर प्रदेश को ‘अनलिमिटेड पोटेंशियल’, श्रीराम को ‘विग्रहवान धर्म’ और भाजपा को ‘नेशन फर्स्ट’ बताया।

अखिलेश यादव के पीडीए पर तंज कसते हुए उन्होंने इसे ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ कहा। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें ऐसा रॉकेट बताया, जिसे लॉन्च करने के लिए छोड़ा जाता है, लेकिन वह हमेशा विफल रहता है। बुलडोजर को उत्तर प्रदेश की स्ट्रेंथ और प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर एवं विकसित यूपी का सारथी बताया।

मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए कमल का फूल ही सब कुछ है और वे भी कमल के फूल के चुनाव चिह्न पर ही चुनाव लड़ेंगे। अपनी माताजी के निधन के बाद हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार कर उसी दिन लखनऊ आकर प्रधानमंत्री मोदी को रिसीव करने से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने संक्षिप्त जवाब दिया- ‘यही संन्यासी धर्म है।’

Related Articles

Back to top button