यूपी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, बिल्लू इंदौरिया गैंग का वाहिद अंसारी मारा गया

उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में बुधवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में कुख्यात सुपारी किलर वाहिद अंसारी घायल हो गया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वाहिद बिल्लू इंदौरिया गैंग का सदस्य था और सुपारी लेकर हत्या करने के मामलों में कुख्यात था। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की फायरिंग में अकबरपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह और स्वाट टीम के मुख्य आरक्षी सोनू यादव भी घायल हो गए। वहीं, पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह और सर्विलांस प्रभारी विनोद यादव की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार देर रात से बुधवार की भोर करीब ढाई बजे तक अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के शिवबाबा बैरियर पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान अहिरौली की तरफ से पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पुलिसकर्मियों को जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह के बाएं हाथ में गोली लग गई।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ वाहिद
फायरिंग के बाद दोनों बदमाश बाइक से शिवबाबा मैदान की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। इसके बावजूद बदमाशों ने पुलिस पर गोलीबारी जारी रखी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वाहिद अंसारी को गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। उसका दूसरा साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
मौके से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से तीन .32 बोर की पिस्टल, एक नौ एमएम कार्बाइन और सात .315 बोर के तमंचे बरामद किए हैं। इसके अलावा छह खोखा कारतूस और 24 जीवित कारतूस भी मिले हैं। बदमाशों के पास से बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक भी बरामद की गई है, जिसका इस्तेमाल घटना में किया गया था।
इस मामले में अकबरपुर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 651/26 के तहत बीएनएस की धारा 109(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।
छह जिलों में दर्ज थे 35 मुकदमे
मृतक वाहिद अंसारी पुत्र अबु बकर गाजीपुर जिले के बहरियाबाद थाना क्षेत्र का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के छह जिलों आजमगढ़, गाजीपुर, सुल्तानपुर, वाराणसी, गौतमबुद्धनगर और चंदौली में कुल 35 मुकदमे दर्ज थे।
इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल थे। वर्ष 2014 से 2023 के बीच उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
मुठभेड़ में एसपी समेत 12 पुलिसकर्मी थे शामिल
इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के नेतृत्व में कुल 12 पुलिसकर्मी टीम में शामिल थे। इनमें पीआरओ निरीक्षक जितेंद्र सिंह, अकबरपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक आदर्श कुमार सिंह, रामप्रताप वर्मा और विनोद यादव समेत स्वाट व सर्विलांस सेल के पुलिसकर्मी शामिल थे।
बदमाशों की फायरिंग में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह और मुख्य आरक्षी सोनू यादव घायल हुए। वहीं, पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह और सर्विलांस प्रभारी विनोद यादव की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी। पुलिस फरार बदमाश की तलाश में जुटी हुई है।





