मायावती के नाम पर मंदिर बनाने की तैयारी: अलीगढ़ में भूमि पूजन से पहले बसपा सुप्रीमो की सहमति का इंतजार

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में बसपा सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का मंदिर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए भ्रष्टाचार विरोधी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित केशव देव गौतम ने मायावती को पत्र भेजकर मंदिर निर्माण और उनकी प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति मांगी है। अनुमति मिलते ही भूमि पूजन कर निर्माण कार्य शुरू करने की बात कही गई है।
पंडित केशव देव गौतम के अनुसार, तहसील खैर के मोहल्ला खेरे स्थित उनकी निजी जमीन पर अपने खर्च से मायावती का मंदिर बनाया जाएगा। मंदिर निर्माण के लिए शासन या प्रशासन से किसी प्रकार की आर्थिक सहायता नहीं ली जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित स्थल को किसी राजनीतिक गतिविधि का केंद्र नहीं बनाया जाएगा, बल्कि इसे प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां मायावती की प्रतिमा के साथ उनके विचारों और सामाजिक कार्यों से जुड़ी जानकारी को भी स्थान दिया जाएगा।
गौतम ने 22 अगस्त को मायावती को पत्र भेजकर औपचारिक अनुमति मांगी है। अब उनकी ओर से जवाब का इंतजार किया जा रहा है। अनुमति मिलने के बाद भूमि पूजन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।





