बरेली के मैरिज हॉल में शर्मनाक लापरवाही? शादी में कुत्ते के पंजों वाले बर्तन में परोसी सब्जी, मेहमानों ने जताया विरोध

उत्तर प्रदेश के बरेली में शादी समारोह के दौरान खाने की व्यवस्था को लेकर विवाद सामने आया है। बारादरी क्षेत्र में पीलीभीत बाईपास रोड स्थित स्पर्श लॉन में आयोजित शादी समारोह में मेहमानों को कथित तौर पर ऐसे स्टील के बर्तन में सब्जी परोसी गई, जिस पर कुत्तों के पंजों के निशान बने थे। घटना का वीडियो सामने आने के बाद समारोह में हंगामा हो गया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग से कार्रवाई की मांग की है।
बर्तन पर पंजों के निशान देखकर भड़के मेहमान
पीड़ित परिवार के मुताबिक, शादी समारोह के आयोजन के लिए लॉन की बुकिंग पर 10 लाख रुपये से अधिक खर्च किए गए थे। समारोह के दौरान मेहमान फैमिली टेबल पर बैठकर खाना खा रहे थे। इसी बीच वेटर स्टील का एक बड़ा बर्तन लेकर टेबल पर पहुंचा।
मेहमानों की नजर बर्तन के बाहरी हिस्से पर पड़ी तो वे हैरान रह गए। बर्तन पर चारों तरफ कुत्तों के पंजों जैसे निशान बने हुए थे। आरोप है कि इस तरह के बर्तनों का इस्तेमाल पालतू कुत्तों को खाना खिलाने के लिए किया जाता है। इसे लेकर मेहमानों ने नाराजगी जताई और मौके पर विवाद शुरू हो गया।
वीडियो बनाने पर कर्मचारी ने कहा- गलती से हो गया होगा
हंगामे के बीच लॉन के कर्मचारी और मैनेजर मौके पर पहुंचे। मेहमानों ने बर्तन पर बने निशानों को लेकर सवाल उठाए और वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में एक कर्मचारी यह कहते हुए सुनाई देता है कि शायद गलती से ऐसा हो गया होगा।
इस जवाब से नाराज लोगों ने लॉन प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि आयोजन के लिए भारी रकम वसूलने के बावजूद इस तरह की अस्वच्छ व्यवस्था और लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।
पूरा भुगतान लेने के बाद सेवा में गिरावट का आरोप
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि आयोजन के दौरान लॉन प्रबंधन की ओर से पूरा भुगतान करने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। परिवार का कहना है कि पूरी रकम लेने के बाद प्रबंधन का रवैया बदल गया और खाने व अन्य सेवाओं की गुणवत्ता में गिरावट आई।
परिवार ने खाने की व्यवस्था को लेकर भी शिकायत की। आरोप है कि समारोह में परोसे गए चावल ठीक से पके नहीं थे। जब इस बारे में कर्मचारियों से बात की गई तो उन्होंने सुबह मैडम से बात करने का हवाला देकर जिम्मेदारी से बचने की कोशिश की।
खाद्य विभाग को अभी नहीं मिली शिकायत
मामले पर सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय राहुल सिंह ने बताया कि अभी तक विभाग के पास इस संबंध में कोई शिकायत नहीं आई है। उन्होंने कहा कि यदि कोई शिकायत प्राप्त होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





