प्रदेशभर की आशा कार्यकर्ताओं ने देहरादून में डाला डेरा, सचिवालय घेराव को लेकर पुलिस अलर्ट

अपनी मांगों पर सुनवाई नहीं होने से नाराज आशा कार्यकर्ताओं ने आंदोलन तेज कर दिया है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताएं बुधवार को राजधानी देहरादून पहुंचीं और सचिवालय के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन को देखते हुए सचिवालय के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
इससे पहले आशा कार्यकर्ताएं कई दिनों से मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय के बाहर धरना दे रही थीं। उनका कहना है कि वे लंबे समय से अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर आवाज उठा रही हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसी से नाराज होकर उन्होंने अपना आंदोलन आगे बढ़ाते हुए सचिवालय का घेराव करने का फैसला लिया।
20 नवंबर तक धरना जारी रखने का एलान
आशा कार्यकर्ताओं ने 20 नवंबर तक सचिवालय के बाहर धरना जारी रखने का एलान किया है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों के समाधान के लिए जल्द कोई कदम नहीं उठाया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
सचिवालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताओं के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। सचिवालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहकर प्रदर्शन की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं, आशा कार्यकर्ताओं का धरना जारी है और वे अपनी मांगों को लेकर सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग कर रही हैं।





