पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य जमावड़ा तेज: तीन एयरक्राफ्ट कैरियर तैनात, ईरान पर हमले की अटकलें तेज

ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने पश्चिम एशिया में अपनी सैन्य ताकत बढ़ा दी है। अमेरिकी विमानवाहक पोत यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट के क्षेत्र में पहुंचने के बाद अब वहां अमेरिका के तीन विमानवाहक पोत तैनात हो गए हैं। इस घटनाक्रम ने ईरान पर अमेरिका के संभावित सैन्य हमले की अटकलों को तेज कर दिया है।
अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट रविवार को अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के जिम्मेदारी वाले क्षेत्र में पहुंचा। इसके साथ ही वह यूएसएस जॉर्ज एचडब्ल्यू बुश और यूएसएस जॉर्ज वॉशिंगटन के साथ अमेरिकी नौसैनिक बेड़े में शामिल हो गया है। ये दोनों युद्धपोत पहले से ही इस क्षेत्र में तैनात हैं।
पश्चिम एशिया में अमेरिका की सैन्य ताकत बढ़ी
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अरब सागर में अब अमेरिकी नौसेना के तीन विमानवाहक पोतों के अलावा 13 विध्वंसक युद्धपोत, दो क्रूजर और एक कॉम्बैट शिप मौजूद हैं। अमेरिका ने यह सैन्य तैनाती ऐसे समय में की है, जब वॉशिंगटन और तेहरान के बीच कूटनीतिक बातचीत ठप पड़ी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान दोबारा शुरू करने पर विचार कर रहे हैं। इससे क्षेत्र में एक बार फिर बड़े सैन्य टकराव की आशंका बढ़ गई है।
गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इस्राइल ने तेहरान समेत ईरान के कई शहरों पर संयुक्त हमले किए थे। इसके जवाब में ईरान ने इस्राइल और पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया था। इसके साथ ही ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण भी सख्त कर दिया था।
वेंस बोले- अनिश्चितकाल तक नहीं चलेगा सैन्य संघर्ष
इस बीच अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ जारी संघर्ष को कभी न खत्म होने वाला युद्ध नहीं बनने देंगे। फॉक्स न्यूज की एंकर लॉरा इंग्राहम को दिए इंटरव्यू में वेंस ने अमेरिका के दो साल तक सैन्य अभियान जारी रखने की संभावना को भी खारिज किया।
वेंस ने कहा कि ट्रंप प्रशासन ने अमेरिकी जनता से वादा किया है कि देश अब ऐसे युद्धों में नहीं उलझेगा, जिनका कोई अंत न हो। उन्होंने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को अमेरिका के लिए खतरा बताते हुए उसके खिलाफ ट्रंप के सैन्य फैसले का बचाव किया।
हालांकि, वेंस ने अमेरिकी सेना की वापसी के लिए कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई। उन्होंने भरोसा जताया कि ट्रंप इस संघर्ष को सफलतापूर्वक समाप्त करने में सक्षम होंगे।





