दिल्ली क्राइम: जिम के बाहर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, गोली मारकर बदमाश फरार; लोगों ने किया प्रदर्शन

नरेला के बांकनेर गांव में गुरुवार सुबह जिम के बाहर एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के राई क्षेत्र के नाहरी गांव निवासी प्रमोद कुमार के रूप में हुई है। वह रोजाना की तरह सुबह जिम करने के लिए आए थे। जिम से बाहर निकलते ही बाइक सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। गंभीर रूप से घायल प्रमोद को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जिम से बाहर निकलते ही हमलावरों ने की फायरिंग

पुलिस के अनुसार, प्रमोद कुमार सुबह करीब छह बजे बांकनेर स्थित जिम पहुंचे थे। जिम से बाहर निकलते ही बाइक सवार हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया और कई गोलियां दागीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के रिश्तेदार और परिचित भी मौके पर पहुंच गए और घटना को लेकर आक्रोश जताया।

रंगदारी के लिए धमकी मिलने की बात सामने आई

शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रमोद कुमार को पिछले कुछ दिनों से कथित तौर पर रंगदारी के लिए धमकियां मिल रही थीं। जान का खतरा देखते हुए वह नरेला में अपने एक दोस्त की बुलेटप्रूफ गाड़ी का इस्तेमाल भी कर रहे थे।

हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के पीछे रंगदारी को आधिकारिक तौर पर कारण नहीं बताया है। पुलिस पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।

प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े थे प्रमोद

पुलिस अधिकारी के अनुसार, प्रमोद कुमार ‘मुकुल प्रॉपर्टी’ नाम से प्रॉपर्टी कारोबार चलाते थे। नाहरी गांव में उनका ‘मुकुल गार्डन’ नाम से बैंक्वेट हॉल भी बताया गया है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान और हत्या की सही वजह सामने आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button