दिल्ली की हवा हुई और जहरीली, AQI 48 अंक बढ़कर 280 दर्ज; अगले दिनों में राहत के आसार नहीं

दिल्ली में पिछले कई दिनों से चल रही तेज हवाओं के कारण प्रदूषण से कुछ राहत जरूर मिली थी, लेकिन अब एक बार फिर हवा की गुणवत्ता बिगड़ने लगी है। बृहस्पतिवार को राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 280 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में है। बुधवार के मुकाबले इसमें 48 अंकों की बढ़ोतरी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पहुंच सकती है। ऐसे में दिल्लीवासियों को प्रदूषण से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के अनुसार, बृहस्पतिवार को दिल्ली में उत्तर-पश्चिम दिशा से औसतन पांच किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चली। शुक्रवार को हवा उत्तर-पूर्व दिशा से पांच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है। वहीं, शनिवार को दक्षिण-पूर्व दिशा से हवा चल सकती है, जिसकी गति 10 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है।
सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, हवा में हानिकारक पीएम2.5 कणों की मात्रा में भी बढ़ोतरी हुई है। बृहस्पतिवार शाम पांच बजे पीएम2.5 का स्तर 110.1 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और पीएम10 का स्तर 200.8 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। दोनों ही स्तर निर्धारित मानकों से काफी अधिक हैं। इसके अलावा बृहस्पतिवार को दिल्ली में आग लगने की 1490 घटनाएं दर्ज की गईं।
15 इलाकों में पीएम2.5 का स्तर 300 के पार
राजधानी के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के 15 इलाकों में पीएम2.5 का स्तर 300 या उससे अधिक दर्ज किया गया। इससे राजधानी में प्रदूषण की गंभीर स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) क्षेत्र में सबसे अधिक 384 पीएम2.5 दर्ज किया गया। इसके बाद सिरिफोर्ट में 365, एनएसयूटी जाफरपुर में 361, पूसा (आईआईटीएम) में 352 और चांदनी चौक में 343 का स्तर रहा।
वहीं, तालकटोरा गार्डन में 340, सीआरआरआई मथुरा रोड में 330 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 327 पीएम2.5 दर्ज किया गया।
आया नगर और दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू) में 323, आईआईटी दिल्ली में 317, पंजाबी बाग में 307, नेहरू नगर में 305, जहांगीरपुरी में 304 और छावला में 302 का स्तर दर्ज किया गया।
इसके अलावा बुराड़ी क्रॉसिंग में पीएम2.5 का स्तर 300, मुंडका में 297, घुम्मनहेड़ा में 296 और बुराड़ी में 292 रहा। वहीं, वजीरपुर में 288, झरोदा कलां में 287 और द्वारका सेक्टर-8 में 280 पीएम2.5 दर्ज किया गया।
राजधानी में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ने से लोगों की सेहत पर खतरा बना हुआ है। मौसम और हवा की गति में बदलाव के बीच आने वाले दिनों में प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद कम है।





