गोवा जैसी फीलिंग देगा सोनिया विहार: यमुना रिवर सफारी आज से शुरू, इलाके को सजाने-संवारने का काम जारी

दिल्लीवासियों के लिए पर्यटन का नया आकर्षण शुरू हो गया है। पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार में बुधवार से यमुना रिवर सफारी की शुरुआत हो रही है। इस परियोजना के तहत लोगों को यमुना में क्रूज की सवारी करने के साथ खानपान, गेमिंग और बच्चों के लिए किड्स जोन जैसी सुविधाएं मिलेंगी। दावा है कि दिल्ली में ही पर्यटकों को गोवा जैसा अनुभव देने की तैयारी की गई है।
यमुना किनारे स्थित इस इलाके को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए सफाई, रास्तों के निर्माण, पार्किंग और दीवारों पर रंग-रोगन का काम कराया जा रहा है। कभी कूड़े और गंदगी की समस्या से जूझने वाले इस क्षेत्र की तस्वीर बदलने की कोशिश की जा रही है।
छह किलोमीटर के जलमार्ग पर चलेगा क्रूज
योजना के मुताबिक, वजीराबाद घाट से जगतपुर स्थित शनि मंदिर घाट तक करीब छह किलोमीटर के जलमार्ग पर क्रूज का संचालन किया जाएगा। आने-जाने की यात्रा लगभग 35 से 45 मिनट में पूरी होगी। क्रूज में एक बार में 30 यात्री सफर कर सकेंगे।
जानें टिकट की कीमत और संचालन का समय
रिवर सफारी के लिए प्रस्तावित किराया 500 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है। इसके अलावा परिसर में प्रवेश के लिए 50 रुपये शुल्क देना होगा। संचालन का प्रस्तावित समय सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक है।
स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद
रिवर सफारी शुरू होने से आसपास के दुकानदारों और युवाओं को कारोबार और रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से चाय-नाश्ते, खानपान, स्थानीय परिवहन और पार्किंग जैसी सेवाओं की मांग बढ़ सकती है। परिसर में कैंटीन, फूड पार्क, गेमिंग और किड्स जोन भी विकसित किए जा रहे हैं।
यातायात जाम और यमुना प्रदूषण बन सकते हैं चुनौती
परियोजना के सामने कई चुनौतियां भी हैं। सोनिया विहार तक पहुंचने वाले पुस्ता मार्ग पर पहले से यातायात का दबाव रहता है। आसपास मैरिज होम और फार्म हाउस होने के कारण शादी-विवाह के दौरान जाम की समस्या बढ़ जाती है।
इसके अलावा यमुना की स्वच्छता भी इस परियोजना के लिए अहम होगी। स्थानीय लोगों ने नदी के प्रदूषण पर चिंता जताई है। डीपीसीसी की सितंबर 2026 की निगरानी रिपोर्ट के अनुसार, वजीराबाद केंद्र पर पानी की बीओडी 4 मिलीग्राम प्रति लीटर और फीकल कॉलीफॉर्म 1300 एमपीएन प्रति 100 मिलीलीटर दर्ज किया गया था।





