कौशांबी पटाखा फैक्टरी हादसा: पीएम मोदी ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को आर्थिक मदद का एलान

उत्तर प्रदेश के कौशांबी में पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण विस्फोट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया है। हादसे में आठ बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का एलान किया है।
मृतकों के परिजनों को दो लाख, घायलों को 50 हजार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
राष्ट्रपति मुर्मू ने भी जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी कौशांबी हादसे में हुई जनहानि पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
धमाके में फैक्टरी और छह मकान क्षतिग्रस्त
कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार में सोमवार दोपहर पटाखा फैक्टरी में अचानक आग लग गई। इसके बाद फैक्टरी में रखे पटाखों में लगातार धमाके होने लगे। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि फैक्टरी की इमारत पूरी तरह नष्ट हो गई और आसपास के छह मकान भी क्षतिग्रस्त हुए।
हादसे में 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि पांच लोग घायल बताए गए हैं। घायलों को प्रयागराज के स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फैक्टरी का लाइसेंस 2024 में रद्द हुआ था
अधिकारियों के अनुसार, संबंधित पटाखा फैक्टरी का लाइसेंस वर्ष 2024 में ही रद्द कर दिया गया था। इसके बावजूद फैक्टरी का संचालन कैसे जारी रहा, इसकी जांच की जा रही है।
हादसे के बाद पुलिस, दमकल, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी रहीं। प्रशासन ने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।





