कार में डॉक्टर की मौत से सनसनी: हाथ में कैनुला, पास मिली सिरिंज; नोट में मम्मी-पापा और प्राची का जिक्र

नंदग्राम थाना क्षेत्र की वीवीआईपी मंगलम सोसायटी में रहने वाले वेटनरी सर्जन डॉ. शिवम कार्तिकेय भारद्वाज का शव बुधवार दोपहर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ी उनकी कार से बरामद हुआ। परिजनों ने 29 सितंबर को उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। करीब 24 घंटे की तलाश के बाद पुलिस को उनकी कार मिली।

पुलिस के अनुसार, मुरादनगर थाना क्षेत्र में दुहाई के पास ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर एक कार काफी देर से खड़ी होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार के अंदर शव बरामद किया। जांच के दौरान मृतक की पहचान डॉ. शिवम के रूप में हुई।

शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान

पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। उनके हाथ में कैनुला लगा हुआ था और कार से एक सिरिंज भी मिली। पुलिस को आशंका है कि किसी दवा के अधिक सेवन के कारण उनकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

एसीपी मसूरी सुनील कुमार के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। परिजनों ने फिलहाल किसी व्यक्ति पर हत्या या अपहरण की आशंका नहीं जताई है।

घर से मिला था नोट

डॉ. शिवम के पिता गोपाल स्वरूप के मुताबिक, 29 सितंबर की सुबह शिवम रोज की तरह घर से निकले थे। परिवार के अनुसार, घर से निकलने से पहले उन्होंने अपने नौ माह के बेटे से मुलाकात की और पिता के पैर छुए।

बाद में परिवार को घर में शिवम का लिखा एक छोटा नोट मिला, जिसमें उन्होंने अपने बेटे, माता-पिता और पत्नी से माफी मांगने की बात लिखी थी। इसके बाद परिजनों ने उन्हें फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसी के बाद नंदग्राम थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

दिल्ली के अस्पताल में कार्यरत थे शिवम

परिजनों के अनुसार, डॉ. शिवम दिल्ली के लाजपत नगर स्थित क्राउन वेट अस्पताल में वेटनरी सर्जन के तौर पर कार्यरत थे। उनकी पत्नी डॉ. प्राची हरियाणा के रोहतक स्थित एक वेटरनरी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं।

परिवार के मुताबिक, शिवम के इस कदम की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले में सुसाइड नोट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी।

Related Articles

Back to top button