एक थप्पड़ का बदला बना मासूम की मौत की वजह, 210 किमी दूर से गांव पहुंचा किशोर; वारदात से मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 16 वर्षीय किशोर ने कथित तौर पर थप्पड़ मारने का बदला लेने के लिए अपने 9 साल के चचेरे भाई अमन की हत्या कर दी। आरोपी ने मासूम को बाइक खराब होने का बहाना बनाकर अपने साथ ले गया और गला दबाकर उसकी जान ले ली। इसके बाद शव को दिल्ली-दून हाईवे के पास गन्ने के खेत में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर मामले का खुलासा किया है।

28 अक्तूबर को लापता हुआ था अमन

मामला मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र के सठेड़ी गांव का है। गांव निवासी जमशेद का बेटा अमन एक स्थानीय स्कूल में कक्षा एक में पढ़ता था। वह 28 अक्तूबर की शाम करीब छह बजे घर के सामने से लापता हो गया था। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद 29 अक्तूबर को पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में अमन आखिरी बार अपने चचेरे भाई के साथ दिखाई दिया। शक के आधार पर पुलिस ने किशोर से पूछताछ की, लेकिन शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करने में कामयाब रहा।

गन्ने के खेत में मिला मासूम का शव

पुलिस ने दोबारा पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ। आरोपी की निशानदेही पर शुक्रवार सुबह दिल्ली-दून हाईवे के पास गन्ने के खेत से अमन का शव बरामद किया गया। शव खेत में पत्तियों के नीचे छिपाया गया था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अमन को बाइक खराब होने की बात कहकर अपने साथ लिया था। इसके बाद वह उसे खेत में ले गया, जहां कपड़े से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने शव छिपा दिया।

पिंजौर में थप्पड़ मारे जाने से नाराज था आरोपी

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी करीब छह महीने पहले हरियाणा के पंचकूला जिले के पिंजौर कस्बे में काम सीखने गया था। वहां वह अपने चाचा जमशेद और अन्य परिजनों के साथ रहता था। बताया गया कि 18 अक्तूबर को पड़ोसी की दुकान में चोरी के मामले में आरोपी पकड़ा गया था। सीसीटीवी फुटेज से इसकी पुष्टि होने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची थी।

परिजनों ने दुकानदारों की मदद से मामला सुलझाया। इसी दौरान अमन के पिता जमशेद ने किशोर को डांटा और थप्पड़ मार दिया। पुलिस के मुताबिक, इसी घटना से नाराज होकर आरोपी 18 अक्तूबर को गांव लौट आया था। उसने कथित तौर पर इसी अपमान का बदला लेने के लिए मासूम की हत्या की।

पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, बाल संप्रेक्षण गृह भेजने की तैयारी

एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक ने बताया कि आरोपी किशोर को पकड़ लिया गया है। उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के बाद बाल संप्रेक्षण गृह भेजने की प्रक्रिया की जाएगी।

घटना के बाद अमन के परिवार में मातम पसरा है। तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा अमन गांव के स्कूल में पढ़ता था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शुक्रवार देर रात गमगीन माहौल में मासूम को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

मनोचिकित्सक ने बताया गुस्से को कमजोर पर निकालने का मामला

मनोचिकित्सक डॉ. अर्पण जैन के अनुसार, किशोरावस्था में आत्मसम्मान और पहचान का भाव काफी महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में किसी बड़े व्यक्ति द्वारा थप्पड़ मारे जाने को किशोर अपमान के रूप में महसूस कर सकता है।

उन्होंने बताया कि जब कोई व्यक्ति अपने से ताकतवर के प्रति गुस्सा जाहिर नहीं कर पाता, तो कभी-कभी वह अपना गुस्सा किसी कमजोर व्यक्ति पर निकाल देता है। मनोविज्ञान में इसे ‘विस्थापित आक्रामकता’ कहा जाता है। हालांकि, यह किसी भी तरह से हिंसा को उचित नहीं ठहराता।

Related Articles

Back to top button