उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला, बनबसा में पहली बार होगी कैबिनेट बैठक; गैरसैंण में विस सत्र

उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट बैठक पहली बार चंपावत जिले के बनबसा में आयोजित होने जा रही है। बैठक चार अक्तूबर को सुबह 11 बजे बनबसा स्थित एनएचपीसी परिसर में होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विधानसभा क्षेत्र होने के कारण इस बैठक को खास माना जा रहा है।
सरकार ने बैठक की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सचिवालय स्तर पर भी बृहस्पतिवार को इसकी तैयारियों को लेकर गतिविधियां तेज रहीं। बैठक में राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, परिवहन और पर्यटन समेत विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर निर्णय लिए जा सकते हैं।
देहरादून से बाहर पहले भी हो चुकी हैं कैबिनेट बैठकें
उत्तराखंड में देहरादून से बाहर कैबिनेट बैठक आयोजित करने का सिलसिला पहले भी रहा है। वर्ष 2010 में तत्कालीन निशंक सरकार ने गंगा प्रदूषण के खिलाफ अभियान के दौरान हरिद्वार स्थित हर की पौड़ी में कैबिनेट बैठक की थी।
इसके बाद वर्ष 2012 में विजय बहुगुणा सरकार ने चमोली के गैरसैंण में कैबिनेट बैठक आयोजित की थी। हरीश रावत सरकार के दौरान भी हरिद्वार, अल्मोड़ा और केदारनाथ समेत देहरादून के बाहर कैबिनेट बैठकें हुई थीं।
22 से 24 अक्तूबर के बीच गैरसैंण में विधानसभा सत्र की तैयारी
उत्तराखंड विधानसभा का सत्र 26 अक्तूबर से पहले कराया जाना है। सरकार की ओर से इसे गैरसैंण में आयोजित करने की तैयारी चल रही है। सूत्रों के मुताबिक, संभावित तौर पर सत्र 22 से 24 अक्तूबर के बीच हो सकता है।
सत्र की तारीख को लेकर अंतिम निर्णय अभी होना बाकी है। कैबिनेट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इस संबंध में अधिकृत किया है।
विधानसभा चुनाव से पहले गैरसैंण में सत्र आयोजित किए जाने को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा और क्षेत्रीय विकास से संबंधित विषयों को सदन में उठाए जाने की संभावना है।





