सीएम योगी ने कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र, कहा- ‘व्यक्ति से बढ़कर दल, दल से बढ़कर राष्ट्र’

मिशन-2027 की तैयारियों के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश दौरे के तहत सोमवार को मेरठ में संगठनात्मक बैठकें हुईं। शक्ति केंद्र संयोजकों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और संगठन की भूमिका पर जोर दिया।
सीएम योगी ने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक व्यवस्था में शक्ति केंद्र संयोजकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प में कार्यकर्ताओं की भूमिका तय करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकर्ताओं का आह्वान कर रहे हैं।
परिवारवाद और जातिवाद को लेकर सपा-कांग्रेस पर निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की राजनीति में लंबे समय से परिवारवाद और जातिवाद जैसी प्रवृत्तियां रही हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों में सत्ता का इस्तेमाल शोषण और परिवारवाद को बढ़ाने के लिए किया गया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा ने राजनीति की दिशा बदलने का काम किया है। उनके अनुसार राजनीति में सवाल यह नहीं होना चाहिए कि व्यक्ति को क्या मिलेगा, बल्कि यह होना चाहिए कि वह देश के लिए क्या कर रहा है।
‘व्यक्ति से बढ़कर दल और दल से बढ़कर देश’
मुख्यमंत्री योगी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “व्यक्ति से बढ़कर दल और दल से बढ़कर देश।” उन्होंने कहा कि भाजपा का विचार है कि व्यक्ति का सब कुछ देश के लिए होना चाहिए।
उन्होंने ‘मुझे क्या’ की सोच को लेकर भी अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब राजनीति में यह भाव हावी होता है तो पहचान का संकट पैदा होता है और विकास प्रभावित होता है। उन्होंने दावा किया कि ऐसी सोच ने देश को नुकसान पहुंचाया।
मेरठ में संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा
नितिन नवीन के दो दिवसीय पश्चिमी उत्तर प्रदेश दौरे के दौरान मेरठ और सहारनपुर में पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र और जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद का कार्यक्रम है। मेरठ में बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर पर संगठन की तैयारियों की समीक्षा के लिए अलग-अलग बैठकें आयोजित की जा रही हैं।





