वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के शिष्य की मौत, प्राइवेट पार्ट काटने के बाद छत से कूदने का दावा

वृंदावन के गऊ कृपा कुंज आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक उर्फ रसिक दुलारीशरण महाराज (25) की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह वह आश्रम की चौथी मंजिल से नीचे गिर गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे पुलिस ने जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना सुबह करीब 10:30 बजे हुई। आश्रम में मौजूद अन्य साधक उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कमरे से ग्राइंडर और खून के निशान मिले
जांच के दौरान पुलिस को दीपक के कमरे से खून से सना ग्राइंडर और एक कटा हुआ अंग मिला। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि मौत से पहले उनके साथ क्या हुआ था। कमरे में उस समय दीपक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। उनके साथ रहने वाला एक अन्य शिष्य कुछ समय पहले कमरे से बाहर निकल गया था, जिसकी जानकारी सीसीटीवी फुटेज से मिली है।
फॉरेंसिक टीम ने कमरे समेत घटनास्थल से नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस ने आश्रम के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया है।
पुलिस आत्महत्या के एंगल से कर रही जांच
सीओ वृंदावन संदीप सिंह के अनुसार, उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस फिलहाल आत्महत्या के एंगल से जांच कर रही है। हालांकि, मौत से पहले शरीर पर लगी चोटों और कमरे से मिले साक्ष्यों को लेकर भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होगी।
परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
दीपक के परिजन जबलपुर से वृंदावन पहुंचे और आश्रम प्रबंधन को लेकर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, वृंदावन के कुछ साधु-संतों ने भी मामले की गहन जांच की मांग की है। कुछ संतों ने सीबीआई जांच की मांग करते हुए घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा।





