रूस में लापता युवकों की तलाश तेज करने की मांग, परिजनों ने रक्षा मंत्री से लगाई मदद की गुहार

रूस में लापता मुजफ्फरनगर और शामली के तीन युवकों के परिजनों ने दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर उनकी सकुशल वापसी की मांग की। परिजनों ने रक्षा मंत्री को पत्र सौंपकर युवकों को रूस से वापस लाने के लिए मदद की गुहार लगाई। रक्षा मंत्री ने मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया है।

तीनों युवक पिछले साल अगस्त में स्टडी वीजा पर रूस के मॉस्को गए थे। मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र के पीपलशाह निवासी शक्ति पुंडीर, बाढ़ निवासी हिमांशु शर्मा और शामली के हसनपुर लुहारी निवासी आशु कुमार जुलाई से लापता बताए जा रहे हैं। परिजनों के मुताबिक, 30 जुलाई के बाद से तीनों के फोन बंद हैं और उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।

भारतीय दूतावास ने रूस से मांगी जानकारी

परिजनों की ओर से भारतीय दूतावास से भी संपर्क किया गया है। दूतावास ने रूस के रक्षा मंत्रालय को ई-मेल भेजकर युवकों के संबंध में जानकारी और उन्हें मुक्त कराने की मांग की है।

शक्ति पुंडीर को लेकर मिली अहम जानकारी

शक्ति पुंडीर के पिता विपिन पुंडीर के मुताबिक, भारतीय दूतावास के प्रथम सचिव हरदेश गिरी ने बताया कि रूसी रक्षा मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार शक्ति ने 17 जुलाई को रूसी सशस्त्र बलों में एक साल की अवधि के लिए सैन्य सेवा का अनुबंध किया था। दूतावास के अनुसार, शक्ति आठ अगस्त से लापता है।

दूतावास ने परिजनों को बताया है कि रूसी अधिकारियों से युवकों के संबंध में कोई नई जानकारी मिलने पर उन्हें सूचित किया जाएगा।

रक्षा मंत्री से कार्रवाई का आश्वासन

तीनों युवकों के परिजन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिलने दिल्ली पहुंचे थे। पीपलशाह निवासी विपिन, बाढ़ निवासी सोनू शर्मा और हसनपुर लुहारी निवासी राकेश कुमार ने युवकों की वापसी के लिए रक्षा मंत्री को पत्र दिया। इस दौरान पूर्व गन्ना मंत्री सुरेश राणा समेत अन्य लोग भी मौजूद रहे।

परिजनों का कहना है कि लंबे समय से युवकों से संपर्क नहीं होने के कारण परिवार चिंतित हैं। उन्होंने सरकार से रूस में फंसे तीनों युवकों की जल्द से जल्द जानकारी जुटाकर उनकी सकुशल घर वापसी सुनिश्चित कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button