राम मंदिर के नाम पर 4 करोड़ का दान, लेकिन खाते में केवल 3 रुपये; महिला ने रख दी ऐसी शर्त कि ट्रस्ट ने कर लिया किनारा

अयोध्या के राम मंदिर में चार करोड़ रुपये के दान को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चेन्नई की महिला श्रद्धालु एस. नागलक्ष्मी ने मंदिर के कर्मियों और सेवादारों की सुविधाओं के लिए चार करोड़ रुपये दान देने की इच्छा जताई थी और ट्रस्ट को चेक भी सौंपा था।
लेकिन महिला ने इसके साथ एक शर्त रख दी। उनका कहना था कि ट्रस्ट लिखित रूप से यह आश्वासन दे कि पूरी चार करोड़ रुपये की राशि केवल मंदिर के कर्मियों और सेवादारों की सुविधाओं पर ही खर्च की जाएगी। ट्रस्ट ने ऐसा लिखित आश्वासन देने से इनकार कर दिया।
मामला तब और चौंकाने वाला हो गया, जब ट्रस्ट ने चार करोड़ रुपये का चेक बैंक में लगाया। जानकारी के मुताबिक, महिला के संबंधित बैंक खाते में सिर्फ तीन रुपये की राशि मौजूद थी।
इसके बाद ट्रस्ट की ओर से महिला से संपर्क किया गया। बातचीत के दौरान महिला ने एक बार फिर अपनी वही शर्त दोहराई कि पहले लिखित आश्वासन दिया जाए कि दान की रकम सिर्फ मंदिर के कर्मियों और सेवादारों की सुविधा पर खर्च होगी।
फिलहाल चार करोड़ रुपये के दान और महिला की शर्त को लेकर मामला उलझ गया है। ट्रस्ट से जुड़े लोगों का कहना है कि पूरे मामले में आगे की प्रक्रिया की जा रही है।





