मुस्कान हत्याकांड में नया खुलासा: नशामुक्ति केंद्र से निकलने के बाद फिर करने लगा था परेशान, मोबाइल चैट से खुला राज

दिल्ली के तिलक नगर में 21 वर्षीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मुस्कान शर्मा की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, मुस्कान ने हत्या से करीब डेढ़ महीने पहले ही आकिब के परेशान करने की शिकायत पुलिस से की थी। हालांकि, उस समय औपचारिक मामला दर्ज नहीं हुआ और आकिब को शांति भंग के आरोप में पकड़ा गया था।
आकिब को उसकी नशे की लत को देखते हुए नशामुक्ति केंद्र भेजा गया था। वहां खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश के बाद उसे 30 जुलाई को छोड़ दिया गया। इसके करीब चार सप्ताह बाद 26 अगस्त को वह मुस्कान के घर पहुंचा और उसकी हत्या कर दी।
जांच में सामने आया है कि आकिब को मुस्कान का किसी दूसरे युवक से बातचीत करना पसंद नहीं था। पुलिस के अनुसार, घर पहुंचने के बाद उसने मुस्कान के मोबाइल में दोनों की चैट देखी, जिसके बाद वह भड़क गया। मुस्कान के विरोध करने पर उसने चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
सबसे बड़ा सवाल 18 जुलाई की उस शिकायत को लेकर उठ रहा है। मुस्कान ने आकिब के परेशान करने की शिकायत की थी, लेकिन उस समय उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि नशामुक्ति केंद्र से बाहर आने के बाद आकिब लगातार मुस्कान के संपर्क में था या उसे परेशान कर रहा था।
आकिब का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 में पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद 2021 में उस पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज हुआ। दोनों मामलों में वह जेल जा चुका था और फिलहाल जमानत पर था।





