भारत की पदक उम्मीदों को झटका: चोट के कारण एशियन गेम्स नहीं खेलेंगे नीरज चोपड़ा, अब रिकवरी पर फोकस

भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने मौजूदा सीजन के बाकी मुकाबलों से हटने का फैसला किया है। नीरज ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। उनके इस फैसले का मतलब है कि वह सितंबर में होने वाले एशियाई खेलों में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

एशियाई खेलों से पहले नीरज का बाहर होना भारत के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। नीरज को आइची-नगोया में 19 सितंबर से शुरू होने वाले एशियाई खेलों में पदक का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। इसके अलावा वह सितंबर में होने वाले डायमंड लीग फाइनल्स में भी हिस्सा नहीं ले सकेंगे।

लुसाने में किया था सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

नीरज ने इस सीजन डायमंड लीग के दोहा और लुसाने चरणों में हिस्सा लिया था और कुल 12 अंक हासिल किए। लुसाने में उन्होंने 88.05 मीटर का थ्रो किया, जो इस सीजन का उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। वह इस मुकाबले में दूसरे स्थान पर रहे और सिर्फ नौ सेंटीमीटर के अंतर से शीर्ष स्थान से चूक गए।

इससे पहले दोहा डायमंड लीग में नीरज चौथे स्थान पर रहे थे। हाल ही में ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में भी उन्होंने रजत पदक जीता था।

ट्रेनिंग के दौरान टखने में लगी चोट

नीरज ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि लुसाने में सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो करने के बाद वह अपनी लय हासिल करने के करीब महसूस कर रहे थे। लेकिन इसके कुछ समय बाद ट्रेनिंग के दौरान उनके टखने में चोट लग गई।

उन्होंने डॉक्टरों और अपनी टीम से बातचीत के बाद मौजूदा सीजन में आगे प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया।

नीरज ने कहा कि यह फैसला उनके लिए निराशाजनक है, क्योंकि उन्हें लग रहा था कि वह अपनी पुरानी लय हासिल करने के करीब हैं। हालांकि, उन्होंने चोट से पूरी तरह उबरने और पहले से ज्यादा मजबूती के साथ वापसी करने को अपना अगला लक्ष्य बताया।

डायमंड लीग फाइनल के लिए किया था क्वालिफाई

नीरज ने ज्यूरिख डायमंड लीग चरण में हिस्सा नहीं लिया था। इसके बावजूद वह डायमंड लीग फाइनल्स के लिए क्वालिफाई करने में सफल रहे थे। शुक्रवार को उनके नाम के आगे क्वालिफिकेशन के लिए ‘Q’ भी दर्ज हो गया था।

हालांकि, इसके अगले ही दिन नीरज ने पूरे सीजन से हटने का फैसला सार्वजनिक कर दिया। डायमंड लीग फाइनल का मुकाबला चार और पांच सितंबर को ब्रुसेल्स में होना है।

एशियन गेम्स में पदक के दावेदार थे नीरज

लंबे ब्रेक के बाद नीरज ने जून में दोहा डायमंड लीग के जरिए वापसी की थी। उन्होंने वहां 85.69 मीटर का थ्रो कर चौथा स्थान हासिल किया था।

नीरज का डायमंड लीग में शानदार रिकॉर्ड रहा है। वह पांच मीट जीत चुके हैं और 2022 में ज्यूरिख में डायमंड लीग फाइनल का खिताब भी अपने नाम कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने हाल ही में ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीता था।

ऐसे में एशियाई खेलों से उनका बाहर होना भारतीय एथलेटिक्स टीम के लिए बड़ा झटका है।

Related Articles

Back to top button