देहरादून के रेस्टोरेंट में सफाई व्यवस्था की खुली पोल, सड़ी सब्जियां और चूहे-कॉकरोच मिलने का दावा

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है। न्यू सर्वे रोड, करणपुर स्थित दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में औचक निरीक्षण के दौरान सड़ी-गली सब्जियां, कई दिन पुराना खाना, कॉकरोच और चूहे मिले। रसोई में गंदगी और बर्तन धोने वाले स्थान पर भी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद संयुक्त निरीक्षण टीम ने रेस्टोरेंट को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया और संचालक को कमियां दूर करने के लिए 14 दिन का नोटिस जारी किया।
संयुक्त टीम ने किया औचक निरीक्षण
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देश पर मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान रसोईघर, फ्रीजर, खाद्य सामग्री रखने की जगह, बर्तन धुलाई क्षेत्र और स्टोर रूम की जांच की गई।
निरीक्षण में कई स्थानों पर स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होता मिला। अधिकारियों के अनुसार, रसोई में रखी खाद्य सामग्री की स्थिति और सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं थी।
फ्रीजर में मिलीं सड़ी सब्जियां, एक सप्ताह पुरानी सामग्री
निरीक्षण के दौरान फ्रीजर में फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू समेत कई सब्जियां सड़ी-गली अवस्था में मिलीं। इसके अलावा करीब दो दिन पुराने चावल, दो से तीन दिन पहले गूंथा गया आटा और लगभग एक सप्ताह पुरानी मोमोज व चाउमीन बनाने की सामग्री भी पाई गई।
खाद्य पदार्थ खुले बर्तनों में रखे हुए थे। रसोई और मसाले रखने वाली अलमारी में कॉकरोच और चूहे मिले। अधिकारियों के मुताबिक, चूहों ने मसालों की कई थैलियां भी कुतर रखी थीं। स्टोर रूम में भी चूहों की मौजूदगी पाई गई।
जूठे बर्तन और जाम नालियों से बढ़ी परेशानी
टीम को बर्तन धोने वाले स्थान पर अत्यधिक गंदगी, तीन से चार दिन पुराने जूठे बर्तन और जमा कूड़ा मिला। नालियां जाम थीं और ड्रेनेज सिस्टम भी खराब पाया गया।
इसके अलावा रेस्टोरेंट प्रबंधन कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस से जुड़े रिकॉर्ड, पेस्ट कंट्रोल कराने के प्रमाण और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट भी प्रस्तुत नहीं कर सका।
पांच किलो चावल और 15 किलो सब्जियां कराई गईं नष्ट
निरीक्षण के दौरान टीम ने मौके पर करीब पांच किलोग्राम बासी चावल, 15 किलोग्राम सब्जियां, दो किलोग्राम मोमोज और बासी चिकन करी नष्ट कराई। इसके साथ ही पनीर, दूध और डीप फ्रीजर में रखी तैयार चिकन करी के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि दून क्लब जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में इस तरह की अनियमितताएं चिंताजनक हैं। ऐसे स्थानों पर भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करना जरूरी है।
14 दिन में कमियां दूर करने के निर्देश
रेस्टोरेंट संचालक अभय सिंह नेगी को जारी नोटिस में परिसर की सफाई, खराब खाद्य सामग्री का निस्तारण, पेस्ट कंट्रोल, नालियों की मरम्मत और पेयजल की जांच समेत सभी कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
नोटिस की अवधि पूरी होने के बाद दोबारा निरीक्षण कर सुधारों की जांच की जाएगी। यदि निर्धारित कमियां दूर नहीं की गईं, तो रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित करने समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
फिलहाल, खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।





