टीम इंडिया में जगह नहीं मिलने पर छलका मोहम्मद शमी का दर्द, आलोचकों को भी दिया करारा जवाब

भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टीम इंडिया में वापसी को लेकर अपनी उम्मीदें बरकरार रखी हैं। न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में चयन नहीं होने के बीच शमी ने अपनी फिटनेस पर उठ रहे सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वह आज भी अपनी फिटनेस के चरम पर हैं और देश के लिए खेलने का उनका लक्ष्य अब भी कायम है। राष्ट्रीय चयनकर्ताओं से बातचीत के सवाल पर भी शमी ने बेबाक अंदाज में अपनी बात रखी।

रणजी ट्रॉफी में सर्विसेज के खिलाफ बंगाल की जीत के बाद प्रेस वार्ता में शमी ने कहा कि जब तक वह क्रिकेट खेल रहे हैं, तब तक भारतीय टीम में वापसी की उम्मीद बनाए रखेंगे। फिलहाल उनका ध्यान घरेलू क्रिकेट में ज्यादा से ज्यादा मैच खेलने और अपनी लय बरकरार रखने पर है।

‘आज भी अपनी फिटनेस के पीक पर हूं’

शमी से जब पूछा गया कि उनके करियर में फिटनेस का सबसे अच्छा दौर कौन-सा रहा, तो उन्होंने कहा कि वह आज भी अपनी फिटनेस के चरम पर हैं।

उन्होंने कहा, “सर, आज भी हम पीक पर ही हैं। इसमें झूठ बोलने का कोई मतलब नहीं है। हम जैसे भी हैं, अपने पीक पर हैं।”

शमी ने यह भी स्पष्ट किया कि वह अपनी तैयारी और फिटनेस को लेकर गंभीर हैं। घरेलू क्रिकेट में खेलने से उन्हें आगामी सीरीज और टूर्नामेंट के लिए तैयार रहने में मदद मिल रही है।

टीम में चयन नहीं होने पर क्या बोले शमी?

न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिलने पर शमी ने कहा कि वह इसे निराशा के तौर पर नहीं देखते। उनका लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा मैच खेलना और आने वाली चुनौतियों के लिए खुद को तैयार रखना है।

उन्होंने कहा, “यह निराशा की बात नहीं है। मैंने पिछले घरेलू सीजन में भी पूरे सीजन क्रिकेट खेला और सभी मैचों में हिस्सा लिया। मेरा मकसद वही है कि जितना हो सके, उतना खेलूं और आने वाली सीरीज व टूर्नामेंट के लिए तैयार रहूं।”

शमी के मुताबिक, उन्हें नहीं पता कि भारतीय टीम के लिए दोबारा कब और कहां खेलने का मौका मिलेगा। इसलिए वह अपनी तैयारी में कोई कमी नहीं रखना चाहते।

चयनकर्ताओं से बातचीत पर दिया बेबाक जवाब

पिछले एक साल में राष्ट्रीय चयनकर्ताओं से बातचीत होने के सवाल पर शमी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “सर, मैं भारतीय टीम में नहीं हूं, तो मुझसे कौन बात करेगा? और क्यों बात करेगा?”

शमी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब भारतीय टीम में उनकी वापसी को लेकर चर्चा हो रही है। उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी मुकाबला मार्च 2025 में खेला था। वहीं, उनके समकालीन तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने करीब चार साल बाद भारतीय टीम में वापसी की है।

वनडे विश्व कप को लेकर अभी नहीं बना रहे योजना

अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप को लेकर शमी ने कहा कि वह भविष्य के बारे में बहुत दूर तक नहीं सोचते। उनके मुताबिक, खिलाड़ी को मौजूदा अवसरों का फायदा उठाते हुए अपने कौशल और फिटनेस में सुधार पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा, “मैं इतनी दूर की नहीं सोचता। आज हम क्रिकेट खेल रहे हैं। कल क्या होगा या किसकी स्थिति कैसी होगी, यह कोई नहीं जानता। इसलिए इतनी दूर की सोचने का कोई मतलब नहीं है।”

शमी ने कहा कि खिलाड़ी को जितने मैच खेलने का अवसर मिले, उनमें बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करनी चाहिए। फिलहाल उनका पूरा ध्यान अपनी स्किल और फिटनेस पर है।

भुवनेश्वर कुमार की वापसी पर क्या कहा?

भारतीय टीम में भुवनेश्वर कुमार की वापसी पर शमी ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर जिस तरह की फॉर्म में थे, उसे देखते हुए उनकी टीम में वापसी पहले ही हो जानी चाहिए थी।

बंगाल की टीम के प्रति जताई प्रतिबद्धता

शमी ने बंगाल की टीम के प्रति अपनी वफादारी भी जाहिर की। उन्होंने कहा कि इसी टीम ने उन्हें पहचान दिलाई है और वह अपने करियर का अंत भी इसी टीम के साथ करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, “इस टीम ने मुझे यह नाम दिया है। यह सब इसी टीम की वजह से है। जिस दिन मैं अपना करियर खत्म करूंगा, वह इसी टीम के साथ होगा। आपको वफादार और समर्पित रहना चाहिए। बाकी कुछ भी आपके हाथ में नहीं है।”

शमी के बयान से साफ है कि भारतीय टीम में वापसी की उम्मीद के साथ वह घरेलू क्रिकेट में अपने प्रदर्शन और फिटनेस पर ध्यान दे रहे हैं।

Related Articles

Back to top button