काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन में बड़ा बदलाव, सीईओ का ट्रांसफर; उप सचिव की मिली जिम्मेदारी

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विश्वभूषण मिश्र का रविवार देर रात तबादला कर दिया गया। उन्हें अब उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग में उप सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विश्वभूषण मिश्र ने करीब ढाई साल से अधिक समय तक काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन की जिम्मेदारी संभाली।

विश्वभूषण मिश्र ने 2 फरवरी 2024 को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के सीईओ का पदभार ग्रहण किया था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया।

धाम में लगाए गए एयर फिल्टर

उनके कार्यकाल की प्रमुख पहलों में काशी विश्वनाथ धाम परिसर में वायु प्रदूषण से बचाव के लिए एयर फिल्टर लगाना भी शामिल रहा। मंदिर प्रशासन के अनुसार, वर्तमान में ये एयर फिल्टर धाम परिसर में काम कर रहे हैं।

इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा, मंदिर की व्यवस्थाओं और प्रशासनिक कामकाज को बेहतर बनाने के लिए भी उनके कार्यकाल में कई पहल की गईं। लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या के बीच मंदिर की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखना उनके कार्यकाल की प्रमुख जिम्मेदारियों में रहा।

वरखा सिंह को भी नई जिम्मेदारी

तबादला सूची में पीसीएस अधिकारी वरखा सिंह को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें वाराणसी का अपर नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ में प्रधान प्रबंधक के पद पर तैनात थीं।

नए सीईओ की नियुक्ति पर नजर

विश्वभूषण मिश्र के तबादले के बाद अब श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के नए सीईओ की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मंदिर प्रशासन में सीईओ का पद काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। धाम में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या और चल रहे विकास कार्यों को देखते हुए नए अधिकारी के सामने व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

Related Articles

Back to top button