योगी आदित्यनाथ ने जनता से की अपील, राष्ट्रीय भावना बनाए रखने की सलाह

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जो वंदे मातरम का विरोध करते हैं, वे वही लोग हैं जो सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए सबसे पहले कतार में खड़े होते हैं। यह टिप्पणी उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती समारोह के दौरान बाराबंकी के फतेहपुर कस्बे में की।

सीएम ने मंच पर आते ही “सियावर रामचंद्र की जय” के साथ संबोधन शुरू किया और कहा कि आपसी मतभेद हो सकते हैं, लेकिन राष्ट्रीय एकता की बात हो तो सब एकजुट रहें। उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी चाहती ही नहीं थी कि लौह पुरुष सरदार पटेल का सम्मान हो।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 1734 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें सड़क, शिक्षा, सिंचाई, स्वास्थ्य और औद्योगिक विकास से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री के आगमन के समय हेलीपैड पर वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही भारी भीड़ जुटी हुई थी और चार किलोमीटर की परिधि को पुलिस सुरक्षा घेरे में रखा गया था।

इस अवसर पर राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा, क्षेत्रीय प्रभारी संजय राय, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, जिला प्रभारी अवनीश सिंह पटेल, विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा, विधायक दिनेश रावत, पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत और जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत समेत कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button