पत्नी के भाइयों ने तोड़े हाथ-पैर, जंगल में जिंदा दफनाने की कोशिश, युवक की हालत गंभीर

बरेली: बरेली में एक युवक को हमलावरों ने बेरहमी से पीटा। उसके हाथ-पैर तोड़ डाले। घायल युवक ने अपनी पत्नी के भाइयों पर हमला करने का आरोप लगाया है। आरोप के मुताबिक महिला के पांच भाई समेत 11 लोगों ने युवक पर सोते समय हमला किया। उसके हाथ-पैर तोड़ दिए। वैन में डालकर जंगल में ले गए, जहां उसे जिंदा दफनाने का प्रयास किया। एक व्यक्ति ने घायल को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपियों के खिलाफ इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

शाही थाना क्षेत्र के अक्सौरा दुनका निवासी राजीव ने बताया कि 21 जुलाई को उसकी पत्नी के भाइयों समेत 11 लोगों ने घर में घुसकर उस पर जानलेवा हमला किया। हमलावरों ने लाठी-डंडे और लोहे की सरिया से पीटा। उसका एक हाथ और दोनों पैर तोड़ दिए। जिसके बाद उसे कार में डालकर सीबीगंज के जंगल में ले गए, जहां उसे जिंदा दफनाने की कोशिश की। इस बीच वहां कोई व्यक्ति आ गया तो हमलावर उसे छोड़कर भाग गए। उक्त व्यक्ति ने एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया।

घायल राजीव के पिता नेतराम की ओर से इज्जतनगर थाने में अपनी बहू और उसके चार भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें डर है कि बहू अपने भाइयों के साथ मिलकर राजीव की हत्या करवा देगी। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि इस मामले में सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए।

साल 2009 में हुई थी राजीव की शादी
पीड़ित राजीव ने बताया कि उसकी पत्नी गांव में नहीं रहना चाहती है, इसलिए वह इज्जतनगर क्षेत्र के नगरिया परीक्षत में किराये पर एक मकान में रहता है। इसके बावजूद पत्नी आए दिन विवाद करती है। इस बार उसने हदें पार कर दीं। उसकी हत्या करवाने की कोशिश की। राजीव बरेली के बाइपास स्थित एक अस्पताल में नौकरी करता है। उसकी शादी साल 2009 में हुई थी। उसके दो बच्चे भी हैं।

Related Articles

Back to top button