UP: कोटेदार के बेटे की आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो वायरल, प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी से मचा बवाल

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भुता थाना क्षेत्र में एक सरकारी राशन विक्रेता (कोटेदार) के बेटे का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की है। वीडियो में युवक पर हिंदुओं को राशन नहीं देने की बात कहने और प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप है। मामले में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि पूर्ति विभाग ने कोटेदार की दुकान सील कर खाद्यान्न जब्त कर लिया है।

शिकायत के अनुसार, गांव केसरपुर निवासी भगवत शरण सरकारी राशन लेने दुकान पर पहुंचे थे, लेकिन आरोप है कि उन्हें अंगूठा लगाकर राशन वितरण की प्रक्रिया पूरी नहीं करने दी गई। विरोध करने पर कोटेदार के 19 वर्षीय बेटे आदिल ने कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की और हिंदुओं को राशन न देने की बात कही। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।

भुता थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता ने लिखित तहरीर नहीं दी थी, लेकिन वायरल वीडियो की जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में वीडियो की पुष्टि होने के बाद पुलिस की ओर से स्वयं मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपी आदिल को हिरासत में ले लिया गया।

मामले की जानकारी मिलने पर पूर्ति विभाग की टीम भी गांव पहुंची और राशन की दुकान को सील करते हुए खाद्यान्न जब्त कर लिया। जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में अनियमितता और पात्र उपभोक्ताओं के अधिकारों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच जारी है और मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button