UP Scholarship 2026: छात्रवृत्ति के लिए मंगलवार से आवेदन शुरू, 25 अगस्त तक करें ऑनलाइन अप्लाई

उत्तर प्रदेश में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की पूर्वदशम, दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया 11 अगस्त से शुरू होगी। सामान्य आवेदन श्रेणी के छात्र 11 से 25 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

वहीं, सत्र 2026-27 के नए यानी फ्रेश श्रेणी के छात्रों के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 21 सितंबर निर्धारित की गई है। विभाग ने पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।

36 लाख से अधिक छात्रों को मिली थी छात्रवृत्ति

पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अनुसार, वर्ष 2025-26 में पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत पिछड़ा वर्ग के 36 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को आर्थिक सहायता दी गई थी।

पूर्वदशम यानी कक्षा 9 और 10 की छात्रवृत्ति योजना के तहत 8.88 लाख छात्रों के बैंक खातों में कुल 219.64 करोड़ रुपये भेजे गए थे। वहीं, दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत इंटरमीडिएट से उच्च शिक्षा तक के 27.86 लाख छात्रों को 2882.02 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।

इन छात्रों को मिलेगा योजना का लाभ

योजना के तहत ऐसे विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ दिया जाता है, जिनके अभिभावकों की वार्षिक आय 2 लाख रुपये या उससे कम है।

पिछड़ा वर्ग कल्याण निदेशक उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया 11 अगस्त से शुरू की जा रही है। उन्होंने पात्र छात्रों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना ऑनलाइन आवेदन पूरा कर लें।

Related Articles

Back to top button