‘टोलकर्मी ने कपिल से पूछा- तू कहीं का जज है? उठाकर फेंक दी सेना की आईडी’; पिता ने बताई आपबीती

मेरठ: सरूरपुर के भूनी टोल पर हुई सेना के जवान कपिल के साथ मारपीट की पूरी आपबीती उनके पिता कृष्णपाल ने बताई। बातचीत में उन्होंने बताया कि जब कपिल को फ्लाइट के लिए छोड़ने जा रहे थे, तो वो भी उसके साथ थे। उनके साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित पिता ने बताया कि कपिल के पैरों में ज़्यादा गहरी चोटे हैं, उसे मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि उनकी कोई खास मांग नहीं है, बस जैसा समाज कहेगा वो वैसा करेंगे।
कृष्णपाल ने बताया कि वे भी कपिल और शिवम के साथ थे। टोल प्लाजा वालों से कपिल ने कहा कि मेरी फ्लाइट है, मुझे जल्दी निकाल दो। इस पर टोल कर्मियों ने कहा कि तू कहीं है जज है क्या। इसके बद कपिल ने सेना का कार्ड दिखाया तो उसे फेंक दिया। इसके बाद कहासुनी हो गई। दो युवकों ने कपिल के हाथ पकड़े और आठ-दस लोगों ने उसे रॉड, डंडों और लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा।
इसके बाद कुछ लोगों ने उन्हें बचाकर वहां से निकाला। वहां से वे लोग थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। कृष्णपाल ने बताया कि उन्हें भी आरोपियों ने नहीं बख्शा, उन्हें और शिवम को भी पीटा। बताया कि इस टोल प्लाजा पर आएदिन गुंडागर्दी होती है, लोगों को पीटा जाता है। इन लोगों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।





