बदमाशों ने किसान नेता के घर बोला धावा, बुजुर्ग मां को बंधक बनाकर नकदी-जेवर लूटे

पीलीभीत: पीलीभीत के थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के नौगवां पकड़िया गांव में बृहस्पतिवार रात नकाबपोश बदमाशों ने भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष यशपाल ठाकुर के घर पर धावा बोलकर नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना के दौरान बदमाशों ने घर में मौजूद बुजुर्ग मां को बंधक बनाकर लूटपाट को अंजाम दिया। सूचना पर एसपी समेत अफसर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
घटना के समय यशपाल ठाकुर घर पर मौजूद नहीं थे। घर में उनके पिता सुरेश सिंह, मां भगवानदेई, भाई दान सिंह और भाभी आमिनी मौजूद थे। प्रदेश उपाध्यक्ष ने बताया कि तड़के करीब चार बजे दो नकाबपोश बदमाश घर के सामने वाले हिस्से से अंदर दाखिल हुए। उन्होंने सबसे पहले उनकी मां भगवानदेई को बंधक बनाया और धमकाकर मुख्य दरवाजा खुलवाया। इसके बाद बाहर खड़े अन्य बदमाश भी घर में घुस आए। चार बदमाश बताए गए।
20 हजार रुपये और जेवर लूटे
बदमाशों ने कमरों की तलाशी लेकर संदूक में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। यही नहीं, उन्होंने बुजुर्ग मां के गले से सोने का लॉकेट और कानों के कुंडल भी उतरवा लिए। पीड़ित के अनुसार करीब आठ तोला जेवरात बदमाश ले गए। घटना की सूचना मिलते ही सुनगढ़ी इंस्पेक्टर पवन कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जानकारी पर कुछ देर बाद एसपी अभिषेक यादव और सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मौके पर स्थिति को परखने के साथ घर के सदस्यों से जानकारी जुटाई। इस मामले में पीड़ित के भाई दान सिंह की ओर से अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी की तहरीर दी गई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर पवन कुमार पांडेय का कहना है कि हर बिंदुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।





