रूस-यूक्रेन संघर्ष के बीच बने ‘स्वैच्छिक गठबंधन’ में ब्रिटिश पीएम शामिल; ट्रंप-पुतिन की वार्ता के बाद बैठक

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने रविवार को यूरोपीय नेताओं के साथ वीडियो बैठक में हिस्सा लिया। यह बैठक यूक्रेन युद्ध को लेकर हुई, जिसमें फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज भी शामिल हुए। यह चर्चा यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की अगले हफ्ते व्हाइट हाउस यात्रा से पहले हुई।
ट्रंप-पुतिन मुलाकात के बाद वार्ता
ये बैठक ऐसे समय हुई जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को अलास्का में शांति वार्ता की थी। हालांकि इसमें कोई युद्धविराम समझौता नहीं हुआ।
स्टार्मर ने ट्रंप की कोशिशों की सराहना की
पीएम स्टार्मर ने कहा कि ट्रंप की पहल से शांति की उम्मीद और मजबूत हुई है। उन्होंने कहा, ‘राष्ट्रपति जेलेंस्की के बिना शांति की राह तय नहीं हो सकती। आगे का कदम उनके शामिल होने वाली वार्ता ही होगी।’
यूरोप-अमेरिका देंगे सुरक्षा गारंटी
इस दौरान ब्रिटिश पीएम ने कहा कि अमेरिका और यूरोप, किसी भी समझौते में यूक्रेन को मजबूत सुरक्षा गारंटी देने को तैयार हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन हमला नहीं रोकते, तब तक रूस पर और कड़े प्रतिबंध जारी रहेंगे।
संयुक्त बयान में रूस को साफ संदेश
वहीं इस बैठक में इमैनुएल मैक्रों, फ्रेडरिक मर्ज और अन्य यूरोपीय नेताओं के साथ जारी संयुक्त बयान में कहा गया कि- रूस को यूक्रेन के नाटो या यूरोपीय संघ में शामिल होने पर वीटो का अधिकार नहीं होगा। यूक्रेन अपनी भूमि और सुरक्षा से जुड़े फैसले खुद करेगा। अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को बलपूर्वक बदला नहीं जा सकता।





