दिल्ली के मेधावी छात्रों को बड़ा तोहफा, मुफ्त JEE-NEET कोचिंग, हॉस्टल और भोजन की सुविधा मिलेगी

दिल्ली सरकार ने कक्षा 12 में पढ़ रहे सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के मेधावी छात्रों के लिए एक वर्ष की निःशुल्क JEE-NEET कोचिंग छात्रवृत्ति योजना शुरू की है। इस योजना के तहत चयनित छात्रों को इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त आवासीय कोचिंग, रहने और भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
शिक्षा निदेशालय (DoE) ने सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों को इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। योजना का संचालन पुणे स्थित गैर-लाभकारी संस्था दक्षिणा फाउंडेशन के सहयोग से किया जाएगा।
छात्रों का चयन जॉइंट दक्षिणा सिलेक्शन टेस्ट (JSDT) 2027 के माध्यम से होगा। यह परीक्षा दिसंबर 2026 में आयोजित की जाएगी। योजना का लाभ वर्तमान शैक्षणिक सत्र में विज्ञान संकाय से कक्षा 12 में अध्ययनरत पात्र और मेधावी छात्रों को मिलेगा।
चयनित विद्यार्थियों को महाराष्ट्र के पुणे जिले के कडुस स्थित दक्षिणा वैली कैंपस में एक वर्ष की पूर्णतः निःशुल्क आवासीय कोचिंग दी जाएगी। इस दौरान कोचिंग, हॉस्टल और भोजन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिक्षा निदेशालय ने पात्र छात्रों से समय पर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और विद्यालयों से योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।





