भाजपा की नवीन टीम में पीढ़ी परिवर्तन, नेतृत्व की औसत उम्र होगी 55 साल

भाजपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष के बाद अब राष्ट्रीय संगठन की नई टीम में भी पीढ़ी परिवर्तन की स्पष्ट झलक देखने को मिलेगी। पार्टी के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अगुवाई में बनने वाली नई टीम में युवा नेतृत्व और अनुभवी नेताओं के बीच संतुलन साधने की तैयारी है। सूत्रों के मुताबिक, संगठन की नई टीम की औसत उम्र करीब 55 वर्ष रखने पर मंथन चल रहा है।
अध्यक्ष बनने के अगले ही दिन नितिन नवीन ने पार्टी मुख्यालय में मैराथन बैठक कर सभी राज्यों की ताजा राजनीतिक स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। पार्टी सूत्रों का कहना है कि आगामी लोकसभा चुनाव नितिन नवीन और उनकी नई टीम के नेतृत्व में ही लड़े जाएंगे, इसलिए संगठन में ऐसे युवा नेताओं को प्राथमिकता दी जाएगी जिनमें भविष्य में मजबूत संगठनात्मक कौशल दिखाने की क्षमता हो।
नितिन नवीन का नाम अध्यक्ष पद के लिए तय होते ही शीर्ष नेतृत्व स्तर पर नई टीम को लेकर मंथन शुरू हो गया था। इसके तहत विभिन्न राज्यों से उभरते युवा नेताओं की सूची तैयार की गई। पार्टी सूत्रों का कहना है कि युवा टीम बनाने में कोई बड़ी बाधा नहीं है, क्योंकि पहले की तरह केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल वरिष्ठ नेता संगठन को अपने अनुभव से मार्गदर्शन देते रहेंगे।
बैठक के दौरान नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में चुनावी तैयारियों की समीक्षा की और प्रगति पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु में सरकार बनाने को लेकर आश्वस्त है, जबकि केरल में भी मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद है। साथ ही महाराष्ट्र सहित स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी की सफलता पर भी चर्चा हुई।
नितिन नवीन ने बूथ और मंडल स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर देते हुए पदाधिकारियों को जमीनी स्तर पर जिम्मेदारियां निभाने के निर्देश दिए। बैठक में कांग्रेस द्वारा विकास योजनाओं और ‘विकसित भारत’ जैसे कार्यक्रमों के खिलाफ अपनाई जा रही नकारात्मक राजनीति पर भी चर्चा हुई, जिस पर नितिन नवीन और निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मार्गदर्शन दिया।





