हर्षित राणा की जगह टीम इंडिया में एंट्री के करीब घातक गेंदबाज, चयन पर सस्पेंस

टी20 विश्व कप 2026 से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लग सकता है। तेज गेंदबाज हर्षित राणा घुटने की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो सकते हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म-अप मैच के दौरान उन्हें चोट लगी थी, जिसके बाद उनकी फिटनेस पर संशय बना हुआ है। टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी संकेत दिए हैं कि उनकी स्थिति ठीक नहीं दिख रही और मेडिकल जांच के बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, अगर हर्षित राणा टूर्नामेंट से बाहर होते हैं तो उनकी जगह तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को टीम इंडिया में शामिल किया जा सकता है। सिराज पहले भी टी20 विश्व कप 2024 के स्क्वॉड में थे, हालांकि उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था। अब उम्मीद जताई जा रही है कि वह जसप्रीत बुमराह के साथ भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूत कर सकते हैं।
हर्षित राणा ने अब तक भारत के लिए 9 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 9 विकेट लिए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/33 रहा है। वहीं सिराज ने टी20 करियर में 16 मैच खेलकर 14 विकेट हासिल किए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/17 रहा है।
टी20 विश्व कप 2026 का आयोजन 7 फरवरी से शुरू होकर 8 मार्च तक चलेगा, जिसमें कुल 55 मुकाबले खेले जाएंगे। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट में कई हाईवोल्टेज मैच देखने को मिलेंगे, हालांकि पाकिस्तान ने 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले का बहिष्कार करने का फैसला किया है।





