केरल में ED कार्रवाई का विरोध, समर्थकों ने टीम पर बरसाए पत्थर और लाठियां

केरल के पूर्व मुख्यमंत्री Pinarayi Vijayan के समर्थकों ने बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम पर हमला कर दिया। ED की 12 सदस्यीय टीम सुबह तिरुवनंतपुरम के बेकरी जंक्शन स्थित विजयन के किराए के घर समेत 10 ठिकानों पर मनी लॉन्ड्रिंग मामले में छापेमारी करने पहुंची थी।

रेड के दौरान विजयन और उनका परिवार घर में मौजूद था। कार्रवाई की खबर फैलते ही CPI कार्यकर्ता और समर्थक घर के बाहर जमा होने लगे। दोपहर करीब 2 बजे जब ED की टीम बाहर निकली तो समर्थकों ने अधिकारियों को घेर लिया और उनकी गाड़ियों पर पत्थर, बोतल और लाठियों से हमला कर दिया। इस दौरान कई वाहनों के शीशे टूट गए और गाड़ियों को नुकसान पहुंचा।

ED ने यह कार्रवाई विजयन की बेटी वीणा विजयन की कंपनी ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस’ से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की। जांच एजेंसी के अनुसार, कोचिन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (CMRL) ने साल 2018-19 में कंपनी को करीब 1.72 करोड़ रुपए का भुगतान किया था, जबकि बदले में कोई सेवा नहीं दी गई। ED इसी संदिग्ध लेन-देन की जांच कर रही है।

छापेमारी तिरुवनंतपुरम, कन्नूर, कोझिकोड और अलुवा समेत चार शहरों के 10 ठिकानों पर की गई। इनमें विजयन का पुश्तैनी घर, दामाद और विधायक पी.ए. मोहम्मद रियास का घर तथा CMRL कंपनी का कॉर्पोरेट ऑफिस भी शामिल है।

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पिनारई विजयन ने कहा कि विपक्षी नेताओं को निशाना बनाना भाजपा सरकार की पुरानी रणनीति रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इस रेड से राहुल गांधी जैसे लोगों को संतुष्टि मिली होगी, क्योंकि वे पहले भी सवाल उठा चुके हैं कि उनके घर पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही।

बताया जा रहा है कि इस मामले की जांच ED के अलावा सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस (SFIO) भी कर रहा है।

Related Articles

Back to top button