सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर अपूर्वा मखीजा फिर चर्चा में: बयान पर छिड़ी बहस, यूजर्स ने जताई नाराजगी

‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद से चर्चा में आईं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अपूर्वा मुखीजा एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं। हाल ही में उनका एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह किसी छोटे-मोटे रोल के लिए समझौता नहीं करेंगी, लेकिन अगर कोई दुबई का शेख 10-15 करोड़ रुपये का ऑफर दे तो वह इस बारे में सोच सकती हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने अपूर्वा को आपत्तिजनक संदेश भेजने शुरू कर दिए। इनमें एक यूजर ने उन्हें 12 हजार रुपये का ऑफर देते हुए अभद्र टिप्पणी की। इस पर अपूर्वा ने संबंधित व्यक्ति की पहचान कर उसकी कंपनी से शिकायत कर दी।
अपूर्वा के अनुसार, जांच में पता चला कि संबंधित व्यक्ति पहले एक प्रोडक्शन हाउस में ग्राफिक्स डिजाइनर के तौर पर कार्यरत था। शिकायत के बाद कंपनी ने सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की निंदा की और स्पष्ट किया कि वह व्यक्ति वर्ष 2024 से उनके साथ कार्यरत नहीं है।
इसके बाद अपूर्वा ने दावा किया कि वह वर्तमान में एक अन्य विजुअल इफेक्ट्स कंपनी में काम कर रहा है और उन्होंने उस कंपनी से भी मामले में कार्रवाई की मांग की है। हालांकि खबर लिखे जाने तक कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
अपूर्वा मुखीजा ने सोशल मीडिया पर उस यूजर के साथ हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट भी साझा किए हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति अपमानजनक भाषा और व्यवहार को सामान्य नहीं माना जाना चाहिए और ऐसे मामलों में जवाबदेही तय होना जरूरी है।
गौरतलब है कि अपूर्वा मुखीजा इससे पहले भी ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ शो में दिए गए बयानों को लेकर विवादों में रह चुकी हैं। सोशल मीडिया पर ‘द रेबेल किड’ के नाम से लोकप्रिय अपूर्वा के इंस्टाग्राम पर 4.4 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं।





