शिवकुमार ने किया स्पष्ट : पार्टी और समय के अनुसार करूंगा भूमिका

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री पद के संभावित दावों को लेकर शनिवार को साफ बयान दिया। उन्होंने कहा, “मुझे कोई जल्दी नहीं है और मुझे मेरी नियति का पता है।” शिवकुमार ने मीडिया पर आरोप लगाया कि कुछ रिपोर्ट्स को तोड़-मरोड़कर सनसनीखेज बनाया जा रहा है।

शिवकुमार ने कहा, “कुछ लोगों ने मुझसे मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जताई और पूछा कि क्या इसका समय नजदीक है। इसे मीडिया में इस तरह पेश न किया जाए कि मैंने कहा कि समय नजदीक है। मैं यहां राजनीति करने नहीं आया हूं। यदि झूठी खबरें फैलाई गईं तो मैं भविष्य में सहयोग नहीं करूंगा। मैं प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करूंगा और न ही किसी चैनल को फोन करूंगा। मुझे बिना फोन किए राजनीति करना आता है।”

शिवकुमार बोले—’मुझे पता है मेरी नियति क्या है’
उन्होंने आगे कहा, “मीडिया में कौन दावा कर रहा है कि मैंने कहा है कि मेरे मुख्यमंत्री बनने का समय नजदीक है? मुझे पता है कि ईश्वर ने मुझे कौन-सा अवसर कब दिया है। मेरा उद्देश्य राज्य और बंगलूरू के लोगों की सेवा करना है और मैं इसी के लिए दिन-रात काम कर रहा हूं। यदि कोई झूठ फैला रहा है, तो मैं मानहानि का मुकदमा दायर करने के लिए पूरी तरह सचेत हूं।”

कर्नाटक में सीएम बदलने की लंबे समय से चर्चा
राज्य में पिछले कुछ समय से अटकलें हैं कि इस साल के अंत में मुख्यमंत्री का चेहरा बदल सकता है। डीके शिवकुमार, सिद्धारमैया की जगह ले सकते हैं। हालांकि, सिद्धारमैया बार-बार कह चुके हैं कि वे पूरे पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे।

मई 2023 में जब कांग्रेस सरकार सत्ता में आई, उस समय शिवकुमार और सिद्धारमैया के बीच मुख्यमंत्री पद के लिए कड़ी टक्कर थी। पार्टी आलाकमान की मध्यस्थता के बाद डीके शिवकुमार पीछे हट गए थे। लेकिन चर्चा थी कि दोनों ने ढाई-ढाई साल के लिए सीएम पद के बंटवारे पर सहमति बनाई हो। अब सिद्धारमैया सरकार के ढाई साल पूरे होने के कारण इस सीएम चेहरा बदलने की चर्चा फिर से तेज हो गई है।

Related Articles

Back to top button