यूपी कर्मचारियों की सैलरी बढ़ेगी, DA हाइक से 28 लाख लोगों को फायदा

यूपी सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ा तोहफा देते हुए महंगाई भत्ता (DA) 2% बढ़ा दिया है। गुरुवार को जारी आदेश के मुताबिक अब कर्मचारियों और पेंशनर्स को 58% की जगह 60% DA मिलेगा। इस फैसले से प्रदेश के करीब 16 लाख कर्मचारी और 12 लाख पेंशनर्स यानी कुल 28 लाख लोगों को फायदा होगा।

राज्य वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने बताया कि बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जनवरी 2026 से लागू माना जाएगा। कर्मचारियों को जनवरी से अप्रैल 2026 तक का एरियर उनके भविष्य निधि (PF) खाते में जमा किया जाएगा। वहीं 1 मई 2026 से बढ़ा हुआ DA जून में मिलने वाले वेतन में जुड़कर आएगा।

पेंशनर्स को भी जनवरी से अप्रैल तक का एरियर उनके पेंशन खाते में मिलेगा। मई 2026 से बढ़ा हुआ DA जून में मिलने वाली पेंशन के साथ दिया जाएगा।

महंगाई भत्ते में इस बढ़ोतरी से कर्मचारियों की सैलरी में भी इजाफा होगा। उदाहरण के तौर पर, अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 30 हजार रुपए है, तो पहले उसे 58% DA के हिसाब से 17,400 रुपए मिलते थे। अब 60% DA के हिसाब से उसे 18 हजार रुपए मिलेंगे। यानी हर महीने 600 रुपए ज्यादा मिलेंगे।

वरिष्ठ अधिकारियों की सैलरी में 2 हजार से 5 हजार रुपए तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे पहले यूपी सरकार ने 2025 में दो बार DA बढ़ाया था। अप्रैल में DA 53% से 55% और अक्टूबर में 55% से 58% किया गया था।

Related Articles

Back to top button