साई पल्लवी और अनिरुद्ध रविचंदर को तमिलनाडु सरकार का कलाईममणि अवॉर्ड

तमिलनाडु सरकार ने आज यानी बुधवार को कला और संस्कृति में योगदान देने के लिए भरतियार, एमएस सुब्बुलक्ष्मी और कलाईममणि पुरस्कारों की घोषणा की। ये अवॉर्ड साल 2021, 2022 और 2023 के लिए कलाकारों को दिए जाएंगे। इसमें सिंगर केजे येसुदास को संगीत में उनके योगदान के लिए एमएस सुब्बुलक्ष्मी पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। वहीं अभिनेत्री साई पल्लवी ने कलाईममणि पुरस्कार अपने नाम किया।

साई पल्लवी और एसजे सूर्या को मिला कलाईममणि पुरस्कार
साल 2021 के लिए अभिनेत्री साई पल्लवी, अभिनेता एसजे सूर्या, निर्देशक लिंगुसामी, सेट डिजाइनर एम जयकुमार और स्टंट कोरियोग्राफर सुपर सुब्बारायण को कलाईममणि पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई। वहीं टेलीविजन अभिनेता पीके कमलेश को भी यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

2022 के लिए विक्रम प्रभु समेत इन कलाकारों को मिला सम्मान
साल 2022 के लिए अभिनेता विक्रम प्रभु, जया वीसी गुहानाथन, गीतकार विवेका, जनसंपर्क अधिकारी डायमंड बाबू, स्टिल फोटोग्राफर लक्ष्मीकांतन को कलाईममणि पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई। जबकि टेलीविजन अभिनेता मेट्टी ओली गायत्री को कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पुरस्कार के लिए चुना गया है।

संगीतकार अनिरुद्ध को भी मिलेगा कलाईममणि
जबकि साल 2023 के लिए अभिनेता मणिकंदन, जॉर्ज मेरीन, संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर, गायिका श्वेता मोहन, कोरियोग्राफर सैंडी उर्फ संतोषकुमार, जनसंपर्क अधिकारी और निक्किल मुरुकन को कलाईममणि पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई है। इसी क्रम में टेलीविजन अभिनेता एनपी उमाशंकर बाबू और अजगन तमिजमनी को भी कलाईममणि पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

अक्तूबर में दिए जाएंगे अवॉर्ड
ये पुरस्कार तमिलनाडु सरकार के कला एवं संस्कृति निदेशालय की संस्था तमिलनाडु इयाल इसाई नाटक मंद्रम द्वारा प्रदान किए जाते हैं। आज इन पुरस्कारों की घोषणा हुई है। ये पुरस्कार अक्तूबर में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन द्वारा प्रदान किए जाएंगे। सरकार ने एक बयान में बताया कि प्रत्येक विजेता कलाकार को तीन स्वर्ण पदक और एक प्रमाण पत्र दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button