भारत-नेपाल सीमा पर बदले नियम, निजी वाहनों पर लगी नई पाबंदी

नेपाल में नई सरकार के गठन के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सख्ती बढ़ा दी गई है। अब भारतीय पर्यटक और निजी वाहनों को साल में सिर्फ 30 बार ही भंसार (सीमा शुल्क) जमा कर नेपाल में प्रवेश की अनुमति मिलेगी। 31वीं बार प्रवेश करने पर भंसार के साथ अतिरिक्त जुर्माना भी देना होगा।
नई व्यवस्था के तहत वाहनों की पहचान के लिए क्यूआर कोड सिस्टम लागू किया गया है। इससे सीमा पर वाहनों की आवाजाही पर नजर रखना आसान होगा। नेपाल प्रशासन का कहना है कि संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
हालांकि, मालवाहक वाहनों को इस नियम से छूट दी गई है। व्यापारिक गतिविधियों को प्रभावित न करने के लिए ट्रकों और अन्य कमर्शियल वाहनों की आवाजाही पहले की तरह जारी रहेगी।
सीमा से जुड़े क्षेत्रों के लोगों और नेपाल आने-जाने वाले पर्यटकों पर इस नई व्यवस्था का सीधा असर पड़ेगा। खासतौर पर उत्तर प्रदेश और बिहार के सीमावर्ती जिलों से नेपाल जाने वाले निजी वाहन चालकों को अब अपनी यात्राओं का हिसाब रखना होगा।





